विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

9 अक्टूबर को लखनऊ में बसपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, कांशीराम स्मारक स्थल पर जुटेंगे सभी मंडलों के कार्यकर्ता

Published: Mon, 05 Oct 2026 04:38 AM (IST)

बसपा 9 अक्टूबर को लखनऊ में अपने संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर एक बड़ा जमावड़ा करेगी, जिसमें प्रदेश के सभी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बसपा 9 अक्टूबर को लखनऊ में बड़ा जमावड़ा करेगी।

  2. कांशीराम स्मारक स्थल पर कार्यकर्ता श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

  3. आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठन की ताकत दिखाएगी बसपा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बसपा अपने संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर नौ अक्टूबर को राजधानी में बड़ा जमावड़ा करेगी। बसपा प्रमुख मायावती ने प्रदेश के सभी मंडलों के कार्यकर्ताओं को लखनऊ पहुंचकर कांशीराम स्मारक स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के निर्देश दिए हैं। इसे आगामी विधान सभा चुनाव से पहले संगठन की सक्रियता और जमीनी ताकत दिखाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि पार्टी ने इसे कांशीराम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के रूप में आयोजित करने की बात कही है।

मायावती ने रविवार को माल एवेन्यू स्थित बसपा के केंद्रीय कार्यालय में उत्तराखंड के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कांशीराम की पुण्यतिथि के कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यूपी-दिल्ली सीमा स्थित बहुजन प्रेरणा केंद्र में रख-रखाव का सरकारी कार्य चल रहा है। वहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने पर किसी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए इस वर्ष वहां कार्यक्रम नहीं किया जाएगा।

बसपा प्रमुख ने कहा कि इस बार प्रदेश के सभी मंडलों के कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचकर कांशीराम स्मारक स्थल पर अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। वहीं, अन्य राज्यों में जोन स्तर पर खुली संगोष्ठियां आयोजित कर कांशीराम को श्रद्धांजलि दी जाएगी। बैठक में मायावती ने उत्तराखंड में एसआईआर के बाद मतदाता सूची की स्थिति, पोलिंग बूथ स्तर की कमेटियों के पुनर्गठन और संभावित प्रत्याशियों के चयन की भी समीक्षा की।

गरीबों, युवाओं, महिलाओं और कमजोर तबकों के पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए पार्टी स्तर पर प्रयास जारी रखने के निर्देश भी दिए। मायावती ने भाजपा सरकार पर जनहित और जनकल्याण की अनदेखी कर बड़े पूंजीपतियों और धन्ना सेठों के हित में काम करने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार जनकल्याण पर कम ध्यान देकर बड़े पूंजीपतियों के हितों के प्रति अधिक समर्पित नजर आती है। बैठक में यूपी और पंजाब के विधान सभा चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मायावती ने अच्छे और दमदार उम्मीदवारों के चयन की प्रगति की जानकारी ली। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव के लिए कल तीसरे प्रत्याशी का ऐलान करेगी सपा, नामांकन के आखिरी दिन अखिलेश यादव खोलेंगे पत्ते