यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajya Sabha Election: बसपा के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह ने भी दिया भाजपा का साथ, BSP छोड़ने की चर्चा पर दिया ये जवाब
भाजपा प्रत्याशी को वोट देने के बाद बसपा को छोड़ने की चर्चा को सिरे से खारिज करते हुए उमाशंकर ने ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अट्ठारहवीं विधानसभा में बसपा के एक मात्र विधायक उमाशंकर सिंह ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के पक्ष में मतदान किया। बसपा के सत्ताधारी भाजपा के खिलाफ होने के बावजूद संजय को वोट देने के सवाल पर उमाशंकर ने स्पष्ट तौर पर कहा कि संजय से उनके पुराने संबंध रहे हैं और संजय उनसे वोट मांगने भी कई बार आए। भाजपा या विपक्ष का कोई भी उनसे वोट मांगने नहीं आया था। उन्होंने कहा कि वोट देने या किसे देने के संबंध में बसपा प्रमुख मायावती से उन्हें किसी तरह का कोई निर्देश नहीं मिला था।
भाजपा प्रत्याशी को वोट देने के बाद बसपा को छोड़ने की चर्चा को सिरे से खारिज करते हुए उमाशंकर ने कहा कि वह बसपा छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। वह बहन जी के साथ ही हैं और आगे भी रहेंगे। गौरतलब है कि बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर मायावती के विश्वासपात्रों में से रहे हैं। पिछले दिनों उमाशकंर के बेटे के मांगलिक कार्यक्रम में बसपा प्रमुख शामिल भी हुई थी।
बता दें कि मायावती ने लोकसभा चुनाव में एनडीए और विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए से दूर रहने की घोषणा कर रखी है। बसपा विधायक द्वारा भाजपा प्रत्याशी को वोट देने पर विपक्षी दलों के नेताओं का कहना है कि वे पहले से ही कहते रहे हैं कि भाजपा की मदद करने के लिए ही मायावती अलग लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पूर्व के चुनाव में भी मायावती सपा को हराने के लिए अंततः भाजपा का ही साथ देती रही हैं।
