प्लॉट के नाम पर ठगी: लखनऊ में पूर्व बसपा प्रत्याशी और बिल्डर राजेश कुमार पर 8 लाख की धोखाधड़ी का केस
मोहनलालगंज लोकसभा सीट से बसपा के पूर्व प्रत्याशी बिल्डर राजेश कुमार पर जमीन सौदे में आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी और धमकाने का आरोप लगा है। निगोहां पुलिस ने डीसीपी साउथ के आदेश पर एक महिला की शिकायत पर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

मोहनलालगंज लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी और बिल्डर राजेश कुमार। फोटो: सोशल मीडिया
HighLights
बसपा के पूर्व प्रत्याशी राजेश कुमार पर धोखाधड़ी का आरोप।
महिला से आठ लाख रुपये लेकर जमीन में हेराफेरी।
लखनऊ की निगोहां पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मोहनलालगंज लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी रहे बिल्डर राजेश कुमार पर जमीन बेचने के नाम पर महिला से आठ लाख रुपये लेने और धमकाने का आरोप है। डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक के आदेश पर निगोहां पुलिस ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अलीगंज सेक्टर-के निवासी प्रेरणा गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2024 में वह प्लाट खरीदना चाहती थीं। इसी दौरान रियल एस्टेट कंपनी डीएसआरजी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राजेश कुमार से संपर्क हुआ। राजेश ने बताया कि उन्होंने शेरपुर लवल में साइट शुरू की है।
प्रेरणा को जमीन पसंद आने पर चार हजार वर्गफुट का सौदा आठ लाख रुपये में तय हुआ।उन्होंने 7.50 लाख रुपये आरटीजीएस से और शेष 50 हजार रुपये दिए। प्रेरणा का आरोप है कि रुपये लेने के बाद राजेश ने चार हजार की जगह दो हजार वर्गफुट जमीन का बैनामा किया।
जानकारी करने पर पता चला कि राजेश ने दो हजार वर्गफुट जमीन का बैनामा 31 दिसंबर 2024 को अब्दुल नईम के नाम कर दिया था। विरोध करने पर राजेश ने टालमटोल की और दूसरी जमीन की रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें- सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे की रस्साकशी के बीच अखिलेश से मिले भाकपा माले और आप नेता, यूपी में चढ़ा सियासी पारा
काफी समय बाद भी बैनामा नहीं हुआ तो विवाद हुआ। प्रेरणा के अनुसार, समझौते के लिए बुलाने के बाद राजेश ने आश्वासन दिया, लेकिन विरोध पर धमकी देने लगे। एसओ रवींद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।