विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या-काशी के बाद अब मथुरा पर भाजपा की नजर, चुनावी रणनीति का केंद्र बनेगी कान्हा की नगरी

Published: Fri, 13 Nov 2026 11:19 PM (IST)

भाजपा 16-17 नवंबर को मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक करेगी, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक मथुरा में आयोजित होगी।

  2. राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बैठक में शामिल होंगे।

  3. विधानसभा चुनाव रणनीति और पश्चिमी यूपी पर मंथन होगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा अब कान्हा की नगरी से सियासी संदेश देने की तैयारी में है। अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा को लेकर पार्टी की रणनीतिक सक्रियता बढ़ती दिख रही है। इसी कड़ी में भाजपा का शीर्ष नेतृत्व 16 और 17 नवंबर को यहां दो दिवसीय चिंतन बैठक करेगा।

इसमें पार्टी के 35 से 40 वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। 17 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बैठक में मौजूद रहेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस मंथन में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक समीकरणों को साधने पर चर्चा होने की संभावना है।

भाजपा की इस बैठक के राजनीतिक मायने भी काफी अहम माने जा रहे हैं। पार्टी अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के बाद अब मथुरा को अपनी वैचारिक और राजनीतिक प्राथमिकताओं के केंद्र में रखने का संदेश देना चाहती है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुद्दा लंबे समय से भाजपा की राजनीति के महत्वपूर्ण विषयों में शामिल रहा है।

ऐसे में यहां शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी को केवल संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं माना जा रहा। इसी वर्ष मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने अयोध्या और काशी की तर्ज पर मथुरा के भव्य विकास का संकेत दिया था।

उनके इस बयान के बाद से ब्रज क्षेत्र में विकास और धार्मिक पर्यटन को लेकर सरकार की भावी योजनाओं पर चर्चा तेज हुई है। अब पार्टी के शीर्ष नेताओं की चिंतन बैठक को इसी राजनीतिक और वैचारिक पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा जा रहा है।

कृष्ण नगरी से भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से को भी साधने की रणनीति बना सकती है। धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ क्षेत्रीय संगठन, जातीय समीकरण, किसान मुद्दे और आगामी चुनाव की चुनौतियां भी बैठक के एजेंडे में रह सकती हैं। पार्टी नेतृत्व के लिए यह बैठक ब्रज क्षेत्र में संगठन की स्थिति का आकलन करने और चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का अवसर भी होगी। फिलहाल बैठक के आयोजन स्थल का अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें- कोई मगरमच्छ से भिड़ गया, तो किसी ने विदेश में गाड़ा झंडा; आगरा के इन 'छोटे उस्तादों' के कारनामे जान रह जाएंगे दंग

हालांकि, वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर और परखम स्थित दीनदयाल धाम को संभावित स्थलों के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 16 और 17 नवंबर को बैठक होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री समेत कई बड़े पार्टी पदाधिकारी भी चिंतन बैठक में शामिल होंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।