विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोई मगरमच्छ से भिड़ गया, तो किसी ने विदेश में गाड़ा झंडा; आगरा के इन 'छोटे उस्तादों' के कारनामे जान रह जाएंगे दंग

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Fri, 13 Nov 2026 11:13 PM (GMT+05:30)

आगरा के बच्चों ने अपनी बहादुरी, प्रतिभा और कड़ी मेहनत से असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें मगरमच्छ से पिता ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. अजय राज ने मगरमच्छ से पिता को बचाकर अदम्य साहस दिखाया।

  2. अनुग्रह श्रीवास्तव ने कोडिंग में राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया।

  3. महक और संध्या ने भूटान में कराटे में स्वर्ण पदक जीते।

जागरण संवाददाता, आगरा। किसी ने मगरमच्छ के जबड़े से पिता को बचाकर साहस की मिसाल पेश की, तो किसी ने कोडिंग में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। किसी ने छोटी उम्र में किताब लिखकर अपनी सोच को शब्द दिए, तो किसी ने खेल के मैदान में पदक जीतकर माता-पिता का सपना पूरा किया। ये बच्चे उम्र में भले ही छोटे हैं, लेकिन इनके हौसले और उपलब्धियां बड़ी हैं।

राष्ट्रपति से सम्मान पाने वाले अजय राज से लेकर भूटान में स्वर्ण पदक जीतने वाली महक और संध्या तक, हर कहानी मेहनत, लगन और हिम्मत की मिसाल है। किसी के सामने आर्थिक तंगी चुनौती बनी, तो किसी ने अपने हुनर से रास्ता बनाया।

इनसे बच्चे ही नहीं, बल्कि युवा भी प्रेरणा ले रहे हैं। बाल दिवस 14 नवंबर पर आगरा के इन होनहार बच्चों की कहानियां बताती हैं कि सपनों को पूरा करने के लिए उम्र नहीं, बल्कि हौसला, मेहनत और कुछ कर गुजरने का जज्बा जरूरी है।

अदम्य साहस के लिए राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

बकरियां चराते समय पिता वीरभान का पैर मगरमच्छ ने जबड़े से जकड़ लिया और उन्हें गहरे पानी में खींचने लगा। झरनापुरा, बटेश्वर निवासी 10 वर्षीय बालक अजय राज ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पिता की जान बचाई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री बाल राष्ट्रीय पुरस्कार-2025 से अजय को सम्मानित किया। पिता वीरभान ने बताया कि पदक, प्रशस्ति पत्र और एक लाख की नकद राशि मिली। समाजसेवी धनश्याम भारती ने अजय की परिस्थितियों को देखते हुए पढ़ाई का खर्चा उठाया।

कोडिंग के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम

रचनात्मक सोच व कड़ी मेहनत के बल पर कक्षा सातवीं के छात्र अनुग्रह श्रीवास्तव ने शहर का मान बढ़ाया। राष्ट्रीय स्क्रैच ओलिंपियाड 2026 की गेम्स श्रेणी में उत्तर भारत में प्रथम व पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया।

जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ ने बताया कि अनुग्रह का चयन अंतरराष्ट्रीय स्क्रैच ओलिंपियाड के लिए फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। पिछले पांच वर्षों से कोडिंग एवं गेम डेवलपमेंट के क्षेत्र में सक्रिय अनुग्रह ने अपनी लगन और नवाचार के प्रति रुचि से यह मुकाम हासिल किया।

16 वर्ष की उम्र में लिखी 'फिर कभी हम तुम' किताब

जिस उम्र में बच्चे खेलकूद और मोबाइल चलाने पर ध्यान देते हैं, उसी उम्र में जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल की 16 वर्षीय छात्रा इशीता शर्मा ने 'फिर कभी हम तुम' काव्य संग्रह लिख कर स्कूल व शहर का मान बढ़ाया। यह किताब इंसानी जज्बातों को इंसान की सबसे बड़ी ताकत और कमजोरी बताते हुए दर्द व खुशियों के सफर को दर्शाती है। किताब 27 जून 2026 को प्रकाशित हुई, जो कि आनलाइन और आफलाइन उपलब्ध है। सोलह वर्ष की उम्र के अनुभवों से लिखी गई यह किताब किशोरावस्था की दोस्ती, पहले प्यार, दिल टूटने और खुद को संभालने की कहानी बयां करती है।

माता-पिता की उम्मीद पर खरे उतरे विकास

ताइक्वांडो खेल की ऐसी लगन की माता-पिता और वाराणसी शहर को छोड़कर 2017 से 18 वर्षीय विकास यादव आगरा में बसे। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में पंजीकरण कर अभ्यास किया। माता निर्मला देवी और पिता रामबली यादव की उम्मीदों पर खरे उतरकर माता-पिता का नाम रोशन किया।

मधुनगर निवासी विकास यादव ने बताया कि वह जूनियर नेशनल में दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीत चुके हैं। खेलों इंडिया में कांस्य पदक प्राप्त किया। साथ ही स्कूल नेशनल प्रतियोगिता में दो रजत और दो कांस्य पदक जीते।

भूटान में स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया माता-पिता का मान

घर की स्थिति खराब, पिता मजदूरी का काम कर घर का खर्चा चलाते हैं। इसके बावजूद कराटे चैंपियन बनने का सपना आंखों में लिए डिफेंस एस्टेट निवासी महक ने निश्शुल्क ट्रेनिंग सेंटर अभ्यास किया और भूटान में आयोजित कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत परिवार व कोच जितेंद्र कल्याण का नाम रोशन किया।

कोच जितेंद्र कल्याण ने बताया कि महक लगभग 10 पदक अपने नाम कर चुकी हैं। स्टेयर्स यूथ नेशनल गेम्स में स्वर्ण, काई स्टेट में कांस्य और सेल्फ डिफेंस दिल्ली पुलिस कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक प्राप्त किया।

18 वर्ष की उम्र में हर्ष कल्याण बने कोच

देवरी निवासी 18 वर्षीय कोच हर्ष कल्याण ने अपने पिता के कदम पर चलते हुए अकादमी में 20 बच्चों को निश्शुल्क कराटे का अभ्यास कराना शुरू किया। साथ ही बच्चों को सिखाते-सिखाते बच्चों समेत खुद ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। हर्ष ने बताया कि भूटान में आयोजित कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। साथ ही खुद की प्रैक्टिस के साथ जरूरतमंद बच्चों को निश्शुल्क कराटे की ट्रैनिंग देते हैं। पिता जितेंद्र के सपने को अपना सपना बना लिया है। जिन बच्चों के पास आर्थिक सहायता की कमी रहेगी, अकादमी और मेरे द्वारा उनकी मदद की जाएगी।

बैडमिंटन में यूपी स्टेट में दोहरा खिताब जीत चुकी हैं अभ्या दीक्षित

बैडमिंटन खिलाड़ी अभ्या दीक्षित ने छोटी उम्र में ही अपनी प्रतिभा और मेहनत से खास पहचान बनाई है। एक जनवरी 2015 को जन्मीं अभ्या अगस्त 2021 से बैडमिंटन खेल रही हैं और कोच अनुभव सक्सेना के मार्गदर्शन में लगातार आगे बढ़ रही हैं। बीएआइ रैंकिंग में 22वीं रैंक हासिल कर चुकीं अभ्या ने वर्ष 2026 में योनेक्स सनराइज यूपी स्टेट बैडमिंटन टूर्नामेंट में अंडर-13 सिंगल्स और डबल्स दोनों वर्गों का खिताब जीता। इसी वर्ष देवरिया में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिंगल्स की सेमीफाइनलिस्ट और डबल्स की विजेता रहीं।

मजदूर की बेटी ने भूटान में जीता स्वर्ण पदक

मजदूर मनोज की बेटी संध्या ने भूटान में आयोजित कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर आगरा, कोच और माता-पिता का नाम बढ़ाया। वह अब तक लगभग अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य व जिला स्तर की प्रतियोगिता में 20 पदक अपने नाम कर चुकी हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ विवि में 17 नवंबर से सजेगा नार्थ जोन अंतर-विश्वविद्यालय क्रिकेट का महाकुंभ, 90 से अधिक टीमें करेंगी शिरकत

पिता मनोज ने बताया कि घर की स्थिति खराब है, बच्ची कराटे में अपना भविष्य बनाना चाहती थी। निश्शुल्क कोचिंग में अभ्यास कर बेटी ने कई पदक जीते हैं। संध्या ने बताया कि आगे भी निरंतर मेहनत करती रहेंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।