निकाय चुनाव में अपनी दुर्गति देख कर समाजवादी पार्टी बौखलाई : भूपेन्द्र चौधरी
UP News भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रविवार को कहा कि निकाय चुनाव में अपनी दुर्गति देख कर समाजवादी पार्टी बौखला गई है। उन्होंने कहा कि ट्विटर पर राजनीति बघारने की जगह वह जनता के बीच गए होते तो उन्हें प्रदेश की वर्तमान स्थिति पता लगती।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रविवार को कहा कि निकाय चुनाव में अपनी दुर्गति देख कर समाजवादी पार्टी बौखला गई है । सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि ट्विटर पर राजनीति बघारने की जगह अगर वह जनता के बीच गए होते हो तो उन्हें प्रदेश की वर्तमान स्थिति पता लग गई होती।
चौधरी ने कहा कि प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में भाजपा को सुशासन, विकास और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के लिए जनता के विश्वास के रूप में प्रचंड बहुमत मिला है। सपा की हालत आज निर्दल प्रत्याशियों से भी खराब है। कई ऐसे नगर निकाय हैं जहां सपा से ज्यादा निर्दल प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है।
उन्होंने आगे कहा, एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता निकाय चुनाव में पसीना बहा रहे थे, वहीं सपा प्रमुख घर के वातानुकूलित कमरे में बैठकर केवल ट्विटर पर राजनीति कर रहे थे। अब तो सपा के जमीनी कार्यकर्ता भी समझ चुके हैं कि जो नेता अपने ही प्रत्याशियों के पक्ष में घर से बाहर नहीं निकल सकता है, वो जनता के लिए क्या काम करेगा। सपा को अपनी हार पर आत्ममंथन करना चाहिए न कि सांविधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने चाहिए।