विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा के राज्यसभा चुनाव प्रत्याशी घोषित : ओबीसी, दलित, ब्राह्मण, ठाकुर और महिला चेहरों का मेल

Published: Mon, 05 Oct 2026 04:17 PM (IST)

UP Rajya Sabha BJP List: धर्मपाल सिंह और प्रकाश पाल के जरिये भाजपा ने गैर-यादव पिछड़े वर्ग को संदेश दिया है। प्रकाश पाल पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

चुनाव के लिए भाजपा ने सोमवार को आठ प्रत्याशियों का नाम घोषित किया

चुनाव के लिए भाजपा ने सोमवार को आठ प्रत्याशियों का नाम घोषित किया

HighLights

  1. राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित प्रत्याशियों से संगठन से समीकरणों तक संदेश

  2. राज्यसभा से 2027 की सियासी जमीन मजबूत करने की कवायद

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की दस सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए भाजपा ने सोमवार को आठ प्रत्याशियों का नाम घोषित किया। जातीय समीकरण देखते हुए पार्टी ने पिछड़ा वर्ग(ओबीसी), दलित, ब्राह्मण, ठाकुर और महिला प्रतिनिधित्व का संतुलन रखने के साथ संगठन में सक्रिय चेहरों को उच्च सदन भेजने का फैसला किया है।

भाजपा ने योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह लोधी के साथ राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को प्रत्याशी बनाया है। इनमें कई चेहरे संगठन में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

अनुभवी संगठनकर्ताओं को सम्मान 

ऐसे में राज्यसभा के जरिये पार्टी ने एक तरफ अनुभवी संगठनकर्ताओं को सम्मान दिया है तो दूसरी तरफ अलग-अलग सामाजिक समूहों तक राजनीतिक संदेश पहुंचाने की कोशिश की है। रुहेलखंड से दो धर्मपाल सिंह लोधी और श्रुति गंगवार को प्रत्याशी बनाया गया है। राज्यसभा चुनाव में असली राजनीतिक परीक्षा आठवीं सीट को लेकर होगी। भाजपा सात सीटें आसानी से जीतने की स्थिति में है, जबकि आठवीं सीट के लिए उसे अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी।

गैर-यादव पिछड़े वर्ग को संदेश

धर्मपाल सिंह और प्रकाश पाल के जरिये भाजपा ने गैर-यादव पिछड़े वर्ग को संदेश दिया है। प्रकाश पाल पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वहीं धर्मपाल सिंह लंबे समय से भाजपा संगठन और सरकार में मंत्री के रूप में सक्रिय भूमिका में हैं। सपा का पीडीए प्रयोग पिछड़े वर्गों को अपने साथ जोड़ने पर केंद्रित है। ऐसे में भाजपा के लिए गैर-यादव पिछड़े वर्गों का समर्थन बनाए रखना वर्ष 2027 की बड़ी चुनौती है।

बरेली-रुहेलखंड के क्षेत्रीय समीकरण 

इसी तरह श्रुति गंगवार का नाम इसी सामाजिक रणनीति से जुड़ा दिखता है। झारखंड के राज्यपाल एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता संतोष गंगवार की बेटी श्रुति को राज्यसभा भेजकर भाजपा ने महिला प्रतिनिधित्व, नई पीढ़ी और कुर्मी समाज को एक साथ संदेश देने की कोशिश है। बरेली-रुहेलखंड के क्षेत्रीय समीकरण के हिसाब से भी ये अहम है।

दलित प्रतिनिधित्व

भाजपा ने प्रियंका सिंह रावत और विद्यासागर सोनकर के रूप में दलित प्रतिनिधित्व को भी जगह दी है। प्रियंका रावत पासी समाज से आती हैं और बाराबंकी क्षेत्र में उनकी राजनीतिक पहचान रही है। वहीं विद्यासागर सोनकर लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। दोनों नामों के जरिये पार्टी का प्रयास दलित समाज में अपने आधार को व्यापक बनाने का है।

ब्राह्मण समाज को भी प्रतिनिधित्व 

इनके साथ राधाकांत ओझा व गोपी कृष्ण पाण्डेय के जरिये ब्राह्मण समाज और राम प्रताप सिंह चौहान के नाम से ठाकुर समाज को भी प्रतिनिधित्व मिला है। राम प्रताप सिंह संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इस तरह सूची में किसी एक जातीय समूह को अत्यधिक महत्व देने के बजाय भाजपा ने अपने व्यापक सामाजिक गठबंधन का संतुलन कायम रखने की कोशिश की है।

यह भी पढ़ें- भाजपा ने यूपी से सभी कयासों को झुठलाया, केंद्र सरकार के मंत्री हरदीप सिंह पुरी व बीएल वर्मा का पत्ता कटा

यह भी पढ़ें- UP राज्यसभा चुनाव के लिए BJP आज घोषित कर सकती प्रत्याशी, संभावितों में दो केंद्रीय मंत्री के साथ आठ नाम