यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP By Election: मैनपुरी में डिंपल के सामने BJP के रघुराज, आजम खां की रामपुर और खतौली सीट के उम्मीदवार भी घोषित
BY Election In UP भाजपा ने मैनपुरी लोकसभा सीट और रामपुर व खतौली विधानसभा सीट से प्रत्याशियों के नाम की ...और पढ़ें

लखनऊ, जेएनएन। BY Election In UP भाजपा ने मैनपुरी लोकसभा सीट, रामपुर और खतौली विधानसभा सीट पर पांच दिसंबर को होने वाले उपचुनाव के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने सपा के गढ़ मैनपुरी लोकसभा सीट से रघुराज शाक्य को प्रत्याशी घोषित किया है। रामपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव में आकाश सक्सेना को उम्मीदवार बनाया है। मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट से राजकुमारी सैनी को टिकट दिया गया है।
.jpg)
दो बार सांसद व एक बार विधायक भी रहे हैं रघुराज
मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य जसवंतनगर के खेड़ा धौलपुर गांव के रहने वाले हैं। उनका जन्म एक जुलाई 1968 को हुआ है। उनकी शिक्षा एमकाम है। इटावा लोकसभा से वे दो बार सांसद 1999 व 2004 में चुने गए थे। 2012 में वे इटावा विधान सदर के विधायक भी रहे हैं। समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रहे हैं। उन्हें प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का खास माना जाता है।
कल नामांकन करेंगे रघुराज सिंह शाक्य
विधान सभा चुनाव से पहले वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। वर्ष 2009 में इटावा लोकसभा सीट सुरक्षित होने पर उन्होंने फतेहपुर सीकरी लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था जिसमें वह हार गए थे। उन्होंने छात्र जीवन से ही राजनीति की शुरूआत की है और छात्र संघ के महामंत्री भी रहे हैं। जसवंतनगर में उनके पिता के नाम पर धनीराम शाक्य इंटर कालेज भी है। उनकी पत्नी डा. सीमा शाक्य वर्ष 2011 में जसवंतनगर क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य भी रही हैं। रघुराज शाक्य 16 नवंबर को नामांकन करेंगे। बता दें कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई मैनपुरी सीट अखिलेश यादव ने पत्नी डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है।
आजम खान के पुराने प्रतिद्वंदी हैं आकाश सक्सेना
रामपुर से आकाश सक्सेना इस वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी थे। इनके पिता शिव बहादुर सक्सेना मंत्री रहे हैं और चार बार विधायक भी रहे हैं। आकाश ने आजम खान पर कई मुकदमे भी कराए हैं। भड़काऊ भाषण (Hate Speech) देने के मामले में दोषी करार दिए गए सपा के वरिष्ठ नेता और रामपुर शहर सीट के विधायक मोहम्मद आजम खां (Azam Khan) की विधानसभा की सदस्यता (Assembly Membership) 28 अक्टूबर को समाप्त कर दी गई थी। इस मामले में गुरुवार 27 अक्टूबर को रामपुर की एमपी एमएलए कोर्ट ने उन्हें 3 वर्ष की सजा सुनाई थी।
खतौली से राजकुमारी सैनी को भाजपा ने बनाया उम्मीदवार
खतौली विधानसभा सीट से भाजपा ने राजकुमारी सैनी को प्रत्याशी घोषित किया है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक विक्रम सिंह सैनी की विधानसभा की सदस्यता को मुजफ्फरनगर के दंगे में दोषी पाए जाने पर दो वर्ष कैद की सजा होने के बाद रद किया गया था। उत्तर प्रदेश विधानसभा सचिवालय ने खतौली विधानसभा सीट को 11 अक्टूबर से रिक्त घोषित किया था। इन तीनों सीटों पर पांच दिसंबर को चुनाव होंगे और आठ दिसंबर को परिणाम आएंगे।

