लखनऊ में हत्या के बाद गांव में दहशत, शव पहुंचते ही घर में मचा कोहराम
लखनऊ के माल क्षेत्र के बीघापुर गांव में नन्हक्के उर्फ बलऊ की हत्या के बाद दहशत का माहौल है। परिजनों ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
नन्हक्के उर्फ बलऊ की ईंट-पत्थर से हत्या।
शव पहुंचने पर परिजनों ने सड़क जाम का प्रयास किया।
पुलिस के आश्वासन पर अंतिम संस्कार, तीन आरोपी हिरासत में।
संवाद सूत्र, माल। क्षेत्र के बीघापुर गांव में नन्हक्के उर्फ बलऊ की हत्या के बाद रविवार को भी दहशत का माहौल रहा। पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब चार बजे शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने माल-जेहटा मुख्य मार्ग पर बीघापुर तिराहे में शव रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। तीन से चार थानों की पुलिस फोर्स और पीएचसी बल के साथ मलिहाबाद व बीकेटी के एसीपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
शनिवार शाम करीब सात बजे गोपरामऊ चौराहे पर पुलिस पिकेट से करीब 300 मीटर दूर जुए के अड्डे पर नन्हक्के की ईंट-पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। देर रात तक पति के घर नहीं लौटने पर पत्नी मीना और बेटे उनकी तलाश में वहां पहुंचे। मीना ने टार्च की रोशनी में शव देखा। उनके मुताबिक, कुछ दूरी पर तीन युवक ईंट-पत्थर लिए शराब के नशे में टहल रहे थे। उन्हें देखकर वे भाग गए। मीना ने पुलिस को सूचना दी।
एसीपी ज्ञानेंद्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक नवाब अहमद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फारेंसिक टीम से जांच कराई। मीना की तहरीर पर बीघापुर निवासी चंद्रपाल रावत, रविंद्र विश्वकर्मा और उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र के पुरथावा निवासी कल्लू सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव देखकर मीना बिलख पड़ीं। उन्होंने कहा कि अब उनकी देखभाल कौन करेगा और बच्चों की शादी कैसे होगी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रविंद्र जुए में जीतने वालों से रुपये छीनकर मारपीट करता था और शराब पीकर गाली-गलौज करता था। सोनी ने आरोप लगाया कि करीब 15 दिन पहले वह उनके पड़ोसी के घर से तीन मोबाइल फोन चुरा ले गया था, जिसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2014 में कैलाश कनौजिया की ईंट-पत्थर से हत्या के मामले में भी रविंद्र जेल गया था।
ग्रामीणों ने पुलिस पिकेट से करीब 300 मीटर दूर लंबे समय से चल रहे जुए के अड्डे पर कार्रवाई न होने पर सवाल उठाए। घटनास्थल पर ताश के पत्ते और शराब की बोतलें मिलीं। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि हत्या के अन्य पहलुओं की जांच जारी है और किसी अन्य की संलिप्तता मिलने पर कार्रवाई होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।