दीपावली पर लखनऊ के बाजारों में नहीं होगी साप्ताहिक बंदी, खरीदारी के लिए खुलेंगी सभी दुकानें
दीपावली के त्योहार के मद्देनजर लखनऊ के सभी बाजार इस सप्ताह खुले रहेंगे और साप्ताहिक बंदी नहीं होगी। व्यापारियों के ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
दीपावली के चलते लखनऊ में साप्ताहिक बंदी रद
सभी बाजार इस सप्ताह ग्राहकों के लिए खुले रहेंगे
बिजली आपूर्ति, ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दीपावली के मद्देनजर इस सप्ताह राजधानी के किसी भी बाजार में साप्ताहिक बंदी नहीं होगी। आलमबाग से लेकर पुराने लखनऊ तक साप्ताहिक बंदी गुरुवार को होती है। वहीं बुधवार को गोमती नगर पूरा बंद रहता है लेकिन खुलेगा। क्योंकि दीपावली रविवार को है और यह सप्ताह व्यापार के दृष्टिकोण से व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण है।
लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने बताया कि साल भर व्यापारी जिस त्योहार का इंतजार करता है, उसके लिए यह सप्ताह महत्वपूर्ण है, इसलिए बाजार खुले रहेंगे।
त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में बिजली आपूर्ति न हो प्रभावित
वहीं त्योहारी सीजन में राजधानी के बाजारों में बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो, उसके लिए मध्यांचल एमडी ने सभी मुख्य अभियंताओं को निर्देश दिए हैं। निर्देशों में उल्लेख किया गया है कि सुबह 10 बजे से देर रात तक बिजली आपूर्ति बाजारों में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि अगर बिजली से जुड़ा कोई मरम्मत कार्य करना है तो सुबह बाजार खुलने से पहले या फिर रात में बाजार बंद होने के बाद ही किए जाए। उधर व्यापारिक संगठनों ने भी बाजारों में बिजली आपूर्ति बाधित न हो, उसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी आग्रह अभियंताओं से किया है।
यह भी पढ़ें- UP Weather: अब धूप खिलेगी या फिर होगी बारिश! कैसा रहेगा यूपी में आज मौसम? सामने आया ताजा अपडेट
ट्रैफिक पुलिस का भी सहयोग
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि बाजारों में बिजली के साथ ही नगर निगम व ट्रैफिक पुलिस का भी सहयोग चाहिए। बाजार खुलने से पहले सफाई हो जाए और बाजार खुलने के दौरान ट्रैफिक पुलिस व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहने से व्यापारियों व ग्राहकों में आत्मविश्वास रहता है। इसलिए गश्त देर रात तक जरूरी है।