12 साल का इंतजार खत्म: यूपी की भोजपुरी अकादमी में 5 पदों पर नियुक्ति, प्रभुनाथ राय बने उपाध्यक्ष
उत्तर प्रदेश सरकार ने 12 साल बाद भोजपुरी अकादमी में पांच पदों पर नामांकन किया है, जिसमें अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
भोजपुरी अकादमी में 12 साल बाद पांच नामांकन।
प्रभुनाथ राय बने उपाध्यक्ष, राज्य मंत्री दर्जा।
अकादमी का लक्ष्य भोजपुरी भाषा, संस्कृति का प्रचार।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भोजपुरी समाज से जुड़े लोगों के लिए करीब 12 वर्ष बाद बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी में पांच पदों पर नामांकन किया है। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय को अकादमी का उपाध्यक्ष नामित किया गया है। उपाध्यक्ष को राज्य मंत्री स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। वह लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित वास्तुखंड के निवासी हैं।
भोजपुरी अकादमी की स्थापना की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अगस्त 2014 में की थी। इसका उद्देश्य भोजपुरी भाषा, साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देना था। हालांकि, लंबे समय तक अकादमी की कार्यकारिणी का गठन नहीं हो सका था। अब पांच पदों पर नामांकन के साथ इसकी कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
लंबे समय से हैं सक्रिय
प्रभुनाथ राय लंबे समय से भोजपुरी भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए सक्रिय हैं। वह अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती तट पर पिछले 43 वर्षों से छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है।
भोजपुरी समाज के माध्यम से वह भोजपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने और इसके प्रचार-प्रसार की मांग भी उठाते रहे हैं।
यह भी पढ़ें- 25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार... यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश ने जारी किया सपा का घोषणा पत्र
अकादमी में वाराणसी की सीता मिश्रा, प्रतापगढ़ के कृष्ण कुमार सिंह, महराजगंज के अशोक जायसवाल और गोरखपुर के डा. फूलचंद गुप्ता को सदस्य नामित किया गया है। शासन ने सभी नामित पदाधिकारियों का कार्यकाल एक वर्ष होगा। शासन को इससे पहले भी नामांकन समाप्त करने का अधिकार रहेगा।