यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 22, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सत्ता का दुरुपयोग कर रहे आजम : आदित्यनाथ
भाजपा के फायर ब्रांड नेता तथा गोरखपुर के सांसद महंत आदित्य नाथ का आरोप है कि उत्तर प्रदेश के कैबिनेट ...और पढ़ें

लखनऊ। भाजपा के फायर ब्रांड नेता तथा गोरखपुर के सांसद महंत आदित्य नाथ का आरोप है कि उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। बलरामपुर में कल देवीपाटन मेले की व्यवस्था देखने पहुंचे सांसद व गोरक्षपीठाधीश्वर सांसद योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कैबिनेट मंत्री आजम खां व्यक्तिगत हित साधने को सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फेसबुक पर टिप्पणी करने वाले कक्षा 11 के छात्र को गिरफ्तार कराकर खुश हो रहे मंत्री को जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में पैसे लेने की आरोपी सांसद रेणुका चौधरी पर रिपोर्ट दर्ज होना इसका द्योतक है। इसके बाद अपने एजेंडे पर आते हुए योगी ने कहा कि धर्मांतरण किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धर्मांतरण के कानून बनाए जाने पर भी उन्होंने जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे भी हैं जो राज्यसभा में भी गोमांस के लिए वकालत करते हैं। हिंदू जनता इसे देख व सुन रही है अगले चुनाव में इन्हें वह अब संसद नहीं जाने देगी। उन्होंने बताया कि उनकी मागं पर गोरक्षपीठ से देवीपाटन शक्तिपीठ व श्रावस्ती तथा बहराइच को बेहतर सड़क से जोडऩे के लिए केंद्र सरकार ने तीन हजार करोड़ रुपया अवमुक्त किया है। गोरखपुर-बढऩी-तुलसीपुर-देवीपाटन- हरैय्या-भिनगा होते हुए बहराइच तक टू लेन सड़क शीघ्र ही बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में जून तक अमान परिवर्तन कार्य पूरा हो जाएगा। इस रुट पर गोरखपुर से दिल्ली, मुंबई सहित प्रमुख स्थानों के लिए ट्रेन का भी प्रस्ताव उन्होंने भेजा है।
