जौहर ट्रस्ट मामले में ईडी की लंबी पूछताछ, आजम खां बोले- मैं अधिकतर जेल में रहा, दुबई गए लोगों के ठिकाने कैसे बताऊं?
ईडी ने जौहर ट्रस्ट में रकम भेजने वाले ठेकेदारों और दुबई में रह रहे सदस्यों के बारे में आजम खां से पूछताछ की।

HighLights
ईडी ने जौहर ट्रस्ट के फंड पर आजम से सवाल किए।
दुबई में रहने वाले ठेकेदारों और सदस्यों पर भी पूछताछ हुई।
आजम खां ने जेल में रहने का हवाला देकर अनभिज्ञता जताई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जौहर ट्रस्ट में रकम भेजने वाले ठेकेदारों और विदेश में मौजूद सदस्यों के बारे में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सवालों पर पूर्व मंत्री आजम खां ने अपनी अनभिज्ञता जताई। शनिवार को दिल्ली स्थित ईडी कार्यालय में दूसरे दिन करीब आठ घंटे चली पूछताछ में एजेंसी ने उनके सामने डोनेशन देने वालों की सूची, फर्मों के नाम और वित्तीय लेनदेन का ब्योरा रखकर जवाब मांगे।
खासतौर पर दुबई में रह रहे ठेकेदारों और नोटिस के बावजूद बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचे पांच लोगों को लेकर सवाल किए गए। आजम का जवाब था कि इस सरकार आने के बाद से वह जेल में रहे हैं। बाहर आने के बाद भी उनसे कोई मिलने नहीं आया, ऐसे में उन्हें कैसे पता होगा कि कौन कहां है?
ईडी ने पूछे ये सवाल
सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने आजम से पूछा कि जौहर ट्रस्ट के खातों में रकम भेजने वाले ठेकेदारों और उनकी फर्मों से उनका क्या संबंध था? डोनेशन देने वालों में शामिल पांच ऐसे सदस्य कहां हैं, जिन्हें एजेंसी ने नोटिस दिया था, लेकिन वे बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचे? क्या ये लोग दुबई में हैं या किसी दूसरे देश में? इनके खातों से ट्रस्ट को हुए ट्रांजेक्शन और डोनेशन के पीछे कौन था? एजेंसी ने संबंधित लोगों के नाम और फर्मों का ब्योरा रखकर आजम से एक-एक कर जानकारी मांगी।
डोनेशन देने वालों से अनभिज्ञ आजम
आजम ने अधिकारियों से कहा कि वह डोनेशन देने वाले सभी लोगों को नहीं जानते। स्कूल और विश्वविद्यालय बनाने के लिए बहुत से लोग अपनी इच्छा से आगे आते हैं और सहयोग करते हैं। जिन लोगों के बारे में उनसे पूछा जा रहा है, उनके मौजूदा ठिकाने की उन्हें जानकारी नहीं है। दुबई में रहने वाले ठेकेदारों के बारे में भी उन्होंने अनभिज्ञता जताई।
करीब आठ घंटे की पूछताछ के दौरान एक बार आजम ने अधिकारियों से कुछ देर के लिए सवाल-जवाब रोकने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि अब थोड़ी देर बाद बात करेंगे, तबीयत ठीक नहीं है कुछ देर आराम करने दिया जाए। इसके बाद पूछताछ में आगे सवाल किए गए।
चार दिन की रिमांड पर आजम से पूछताछ के लिए 16 नवंबर अहम है। इसी दिन सुप्रीम कोर्ट के बाद इलाहाबाद हाई कोर्ट पीठ में सुनवाई प्रस्तावित है और शाम चार बजे रिमांड अवधि भी पूरी हो रही है।
यह भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी की फंडिंग पर आजम खां से ED ने की पूछताछ, निर्माण सामग्री के सोर्स को लेकर भी पूछे 15 सवाल
यह भी पढ़ें- आजम खान पर ED कसेगी शिकंजा, जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जल्द दाखिल हो सकती है चार्जशीट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।