अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश का मौका: कक्षा 6 और 9 के लिए 20 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
अटल आवासीय विद्यालय सिठौली कला, मोहनलालगंज में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और 9 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू।
पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा प्रवेश का अवसर।
आवेदन की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2027 निर्धारित।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। अटल आवासीय विद्यालय सिठौली कला मोहनलालगंज में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह व नौ में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो रही है। 20 नवंबर से आफलाइन और आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कक्षा छह में 140 और कक्षा नौ में आठ सीटों पर प्रवेश मिलेगा। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख पांच जनवरी 2027 तय की गई है।
अपर श्रमायुक्त लखनऊ क्षेत्र कल्पना श्रीवास्तव ने बताया, विद्यालय में लखनऊ मंडल के छह जिलों लखनऊ, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव और हरदोई के पात्र बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश भवन व अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत तीन वर्ष की सदस्यता अवधि पूरी कर चुके पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित हुए बच्चों और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र बच्चों को भी प्रवेश का अवसर मिलेगा।
कक्षा छह की 140 सीटों में 70 बालकों और 70 बालिकाओं के लिए निर्धारित हैं। वहीं, कक्षा नौ में आठ सीटें केवल बालिकाओं के लिए उपलब्ध हैं। आवेदन पत्र संबंधित जिले के श्रम कार्यालय, जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और अटल आवासीय विद्यालय से निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र सामान्य निर्देशों के साथ वेबसाइट Upbocw.in से भी डाउनलोड किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में पीपा पुल का दौर होगा खत्म: अब 54 करोड़ से गोमती नदी पर बनेगा दो लेन सेतु, 2027 में फर्राटा भरेंगे वाहन
अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र तीन अतिरिक्त फोटो के साथ संबंधित जिले के श्रम विभाग कार्यालय में पांच जनवरी 2027 को शाम पांच बजे तक जमा करना होगा। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक होगी।