यूपी सहायक आचार्य परीक्षा: छह शहरों में 19-20 नवंबर को, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की सहायक आचार्य परीक्षा 19 और 20 नवंबर को छह मंडल मुख्यालयों पर होगी, ...और पढ़ें
-1794633169762_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
परीक्षा 19 और 20 नवंबर को छह शहरों में होगी।
1,27,571 अभ्यर्थी सहायक आचार्य परीक्षा में शामिल होंगे।
लाइव स्ट्रीमिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन से होगी कड़ी निगरानी।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की सहायक आचार्य परीक्षा-2026 में 1,27,571 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 19 और 20 नवंबर को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों आगरा, मेरठ, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी में दो पालियों में कराई जाएगी। परीक्षा की शुचिता और नकलविहीन आयोजन के लिए केंद्रों पर लाइव स्ट्रीमिंग के साथ बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन तलाशी की व्यवस्था रहेगी।
बायोमीट्रिक सत्यापन और सघन तलाशी से होगी निगरानी
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने शुक्रवार को परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से परीक्षा कराने के निर्देश दिए। कहा कि केंद्रों पर सुरक्षा, कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी कर ली जाए। परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। निगरानी के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे।
एआई आधारित कमांड कंट्रोल से परीक्षा पर नजर
आयोग मुख्यालय के एआई आधारित कमांड कंट्रोल रूम से भी परीक्षा पर नजर रखेगा। इंटरनेट मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई होगी। बैठक में शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।