विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अपना दल को यूपी की नंबर-1 पार्टी बनाएंगे', तीसरी बार अध्यक्ष बनते ही अनुप्रिया पटेल ने दिया बड़ा लक्ष्य

Published: Tue, 03 Nov 2026 07:59 AM (IST)

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने घोषणा की है कि अपना दल (सोनेलाल) उत्तर प्रदेश में तीसरे से पहले नंबर की पार्टी बनने का लक्ष्य लेकर चुनाव लड़ेगा।

अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल। (तस्वीर सोर्स- सोशल मीडिया)

अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल। (तस्वीर सोर्स- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. अपना दल (सोनेलाल) का लक्ष्य यूपी में नंबर एक पार्टी बनना।

  2. अनुप्रिया पटेल ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।

  3. एनडीए तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी, अनुप्रिया का दावा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। एनडीए की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) अब प्रदेश में तीसरे नंबर से पहले नंबर की पार्टी बनने का लक्ष्य लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। इसके लिए पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में बूथ-बूथ तक संगठन मजबूत करेगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी को पहले नंबर पर पहुंचाने के लिए सभी को अभी से पूरी ताकत से जुटना होगा। साथ ही यह भी साफ किया कि एनडीए की तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी। वर्तमान में अपना दल (सोनेलाल) के 13 विधायक, एक विधान परिषद सदस्य और एक सांसद हैं।

राजधानी में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में तीसरी बार निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद कहा कि पार्टी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। अब इस बढ़ती ताकत को चुनाव में जीत में बदलने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ानी होगी। हर बूथ पर पार्टी का झंडा और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करनी होगी।

पार्टी का लक्ष्य चुनाव में जीत में शत-प्रतिशत स्ट्राइक रेट हासिल करना है। सीटों के बंटवारे पर कहा कि एनडीए के सहयोगी दलों से बातचीत और उनकी सहमति के बाद ही सीटों का बंटवारा होगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम का प्रस्ताव विधायक रिंकी कोल ने रखा।

संचालन अनुप्रिया के पति प्राविधिक शिक्षा मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल ने किया। इस अवसर पर 38 कार्यकारिणी सदस्यों का मनोनयन भी किया गया। विधायक जय कुमार सिंह जैकी, आरके पटेल, रश्मि आर्य, डॉ. सुरभि, जीतलाल और राकेश द्विवेदी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी सम्मेलन में उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- अनुप्रिया पटेल के दौरे से पहले रामपुर में प्रशासन का बड़ा एक्शन, स्वार में चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।