विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अखिल भारतीय बैडमिंटन: अमोलिका-अंश और सिद्धार्थ अगले दौर में, किया बड़ा उलटफेर

Published: Fri, 25 Sep 2026 10:13 PM (IST)Updated: Fri, 25 Sep 2026 10:16 PM (IST)

यूपी की अमोलिका सिंह, अंश विशाल गुप्ता और सिद्धार्थ मिश्रा ने योनेक्स सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल आल इंडिया ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. अमोलिका सिंह और अंश विशाल गुप्ता ने अगले दौर में प्रवेश किया।

  2. सिद्धार्थ मिश्रा ने पुरुष एकल में बड़ा उलटफेर दर्ज किया।

  3. यूपी के कई खिलाड़ी युगल स्पर्धाओं में भी अंतिम-16 में पहुंचे।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। यूपी की 13वीं वरीय अमोलिका सिंह ने योनेक्स सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल आल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में महिला एकल में, जबकि अंश विशाल गुप्ता ने पुरुष एकल में जीत से शुरुआत करते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई। महिला युगल में सातवीं वरीय अमोलिका सिंह व केरल की मेहरान रिजा, यूपी की रिधिमा सिंह व आदित्या यादव और मिश्रित युगल में यूपी के अस्मित सिंह व ऋद्धि भारद्वाज भी अंतिम-16 में पहुंच गए।

वहीं, यूपी के सिद्धार्थ मिश्रा ने लगातार दो जीत के साथ पुरुष एकल के अंतिम 16 में जगह बना ली। सिद्धार्थ ने दूसरे दौर के मुकाबले में चौथी वरीय महाराष्ट्र के प्रज्जवल को 17-15, 15-11 से हराकर उलटफेर भरी जीत के साथ तीसरे दौर में प्रवेश किया।

बीबीडी बैडमिंटन अकादमी में शुक्रवार को हुए महिला युगल में पिछली विजेता शिखा गौतम-अश्विनी भट्ट, मिश्रित युगल में आठवीं वरीय वेंकट हर्ष वर्धन वेंकट-पूर्विशा एस. राम, महिला एकल में 12वीं वरीय साक्षी फोगाट जबकि पुरुष एकल में पुरुष एकल में सातवीं वरीय तेलंगाना के लोकेश रेड्डी हार के साथ बाहर हो गए।

अंतिम 16 में जगह बनाई

महिला एकल के पहले दौर में यूपी की अमोलिका सिंह ने महाराष्ट्र की मधुमिता नारायण को 15-6, 15-9 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई, जबकि यूपी की काजल व दिव्यांशी को हार का सामना करना पड़ा। गुजरात की तान्या सिंह ने यूपी की काजल पंवार को 15-10, 15-12 से और केरल की एलिजा ने यूपी की दिव्यांशी गौतम को 15-9, 9-15, 15-8 से हराया। मिश्रित युगल के पहले दौर में यूपी के अस्मित सिंह व ऋद्धि भारद्वाज की जोड़ी ने केरल के शंकर प्रसाद उदयकुमार व दिया अरुण को रोमांचक मुकाबले में 15-8, 6-15, 16-14 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई।

पुरुष एकल के पहले दौर में यूपी के सिद्धार्थ मिश्रा व अंश विशाल गुप्ता ने जीत से दूसरे दौर में जगह बनाई। सिद्धार्थ मिश्रा ने छत्तीसगढ़ के हर्षल को 15-7, 15-8 से पराजित, जबकि यूपी के अंश विशाल गुप्ता ने दिल्ली के आकाश यादव के खिलाफ 15-13, 15-12 से जीत दर्ज की।

महिला युगल के पहले दौर में जीत से सातवीं वरीय यूपी की अमोलिका सिंह व केरल की मेहरान रिजा के साथ यूपी की रिधिमा व आदित्या की जोड़ी अंतिम 16 में पहुंच गई। अमोलिका सिंह व मेहरान रिजा ने हरियाणा की निशु मलिक व तनु मलिक को 15-12, 15-4 से और यूपी की रिधिमा सिंह व आदित्या यादव की जोड़ी ने भविष्या चांगमई व ईशु मलिक (असम/हरियाणा) को 15-12, 15-6 से शिकस्त दी।

वहीं, पिछली विजेता कर्नाटक की शिखा गौतम व अश्विनी भट्ट की जोड़ी आश्चर्यजनक उलटफेर का शिकार हो गई। इस जोड़ी को नायसा करियप्पा व प्रवंदिका राघवन (कर्नाटक/तमिलनाडु) की क्वालीफायर जोड़ी ने तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में 5-15, 18-16, 15-12 से हराया। अन्य मैचों में मिश्रित युगल के पहले दौर में छत्तीसगढ़ के सौरव साहू व तेलंगाना की कीर्ति ने आंध्र प्रदेश के वेंकट हर्ष वर्धन व आरबीआई की पूर्विषा एस राम की आठवीं वरीय जोड़ी को 15-5, 15-5 से हराकर उलटफेर किया।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर मामला: आरोपियों ने परिजनों के खातों में जमा किए लाखों रुपये; चोरी से भाई-पत्नी और रिश्तेदार भी हुए मालामाल

शीर्ष वरीय कर्नाटक के असिथ सूर्या व अमृता पी. ने हरियाणा के वेदांत व उत्तराखंड की शुभांगी की जोड़ी को 15-7, 15-12 से हराया। महिला एकल के पहले दौर में कर्नाटक की क्वालीफायर अकिया शेट्टी ने 12वीं वरीय राजस्थान की साक्षी फोगाट को 15-13, 15-12 से हराकर उलटफेर किया।

यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश

शीर्ष वरीय व पिछली उपविजेता आंध्र प्रदेश की सूर्या चरिश्मा ने महाराष्ट्र की युतिका चव्हाण को 15-9, 15-12 से शिकस्त दी। पुरुष एकल के पहले दौर में शीर्ष वरीय व पिछले विजेता हरियाणा के भारत राघव ने हरियाणा के क्वालीफायर वेदांत पाहवा को 15-7, 15-10 से हराया।