उत्तर प्रदेश में मिशन 2027 के लिए BJP का 'सुपर प्लान' तैयार, अमित शाह पार्टी के बड़े नेताओं से लेंगे फीडबैक
गृहमंत्री अमित शाह की आक्रामक रणनीति के बाद भाजपा की प्रदेश इकाई ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रोडमैप तैयार ...और पढ़ें

हर जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री से अलग-अलग फीडबैक लेंगे अमित शाह।
HighLights
अमित शाह सभी छह क्षेत्रों में जिलाध्यक्षों से मिलेंगे।
भाजपा का मिशन 2027 के लिए माइक्रोमैनेजमेंट प्लान।
डोर-टू-डोर जनसंपर्क और 23 हजार बूथों पर फोकस।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। गृहमंत्री अमित शाह द्वारा आक्रामक रणनीति के साथ विधान सभा चुनाव में उतरने की हुंकार के बाद भाजपा की प्रदेश इकाई ने शनिवार को सभी जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक कर रोडमैप बनाया। शाह सभी छह क्षेत्रों में पहुंचकर जिलाध्यक्षों एवं महामंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात कर जमीनी पड़ताल करेंगे।
बाद के दौरों में वह बूथ अध्यक्षों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ संवाद कर रणनीति को धार देंगे। इससे पहले जिला इकाइयों को कई मानकों पर विधान सभा क्षेत्रों की सूची बनानी होगी।
बाहरी राज्यों के कार्यकर्ताओं की भी चुनावी डयूटी लगाई जाएगी। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जिला पदाधिकारियों से मिलेंगे अमित शाह
अमित शाह के संबोधन का असर अगले दिन प्रदेश इकाई की बैठक में भी नजर आई। जिस प्रकार से शाह की बताई रणनीति पर देर तक चर्चा की गई, उससे साफ है कि वह प्रदेश की चुनावी कमान अपने हाथ में लेंगे। शाह क्षेत्रों या फिर कमिश्नरियों में पहुंचकर जिला पदाधिकारियों से मिलेंगे।
प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने शनिवार को प्रदेश पदाधिकारियों समेत 240 कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की। सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा, जगदीश ईश्वर पटेल एवं प्रदीप वर्मा ने अपना-अपना अनुभव साझा किया।
बारीकी से बनेगी कार्ययोजना
विनोद तावड़े ने कहा कि यह माइक्रोमैनेजमेंट का चुनाव है, जिसमें बारीकी से कार्ययोजना बनेगी। जिला एवं विधान सभा स्तर पर तत्परता से चुनाव व्यवस्था समितियां बनाने के लिए कहा। महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को विधान सभा क्षेत्र स्तर पर प्रवासी बनाया जाएगा।
जिला प्रभारी विधान सभा स्तर पर एवं विधान सभा प्रभारी शक्ति केंद्रों पर अपना प्रवास सुनिश्चित करेंगे। तावड़ ने कहा कि प्रत्येक 50 परिवारों पर एक-एक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी तय की जाएगी। डोर-टू-डोर जनसंपर्क होगा। जिला स्तर पर समन्वय टोलियां बनाई जाएंगी।
23 हजार फोकस बूथों को लेकर विशेष रणनीति बनेगी। बूथों को लाभार्थियों की सूची बनाने के लिए कहा गया है। जातियों के समीकरण की भी जानकारी मांगी गई है। जिला इकाइयां तीन बार पदाधिकारी रहे कार्यकर्ताओं की सूची बनाएंगी। तीन नवंबर से सभी छह क्षेत्रों में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।