UP चुनाव: सीएम योगी के बयान पर अखिलेश का पलटवार, कहा- दरारवादी एकता की बात ना करें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जातिवाद वाले बयान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया है।

अखिलेश ने योगी सरकार पर 'सजातीय तुष्टीकरण' का आरोप लगाया।
HighLights
योगी के जातिवाद बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार।
सपा प्रमुख ने 'सजातीय तुष्टीकरण' का आरोप लगाया।
सरदार पटेल जयंती पर अखिलेश ने भाजपा को घेरा।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जातिवाद वाले बयान पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने का प्रयास करने वाले विभाजनकारी तत्व देश की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर आक्रांताओं को आमंत्रित करते हैं।
इसके बाद सपा प्रमुख ने बिना नाम लिए कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि जिनकी सत्ता ‘सजातीय तुष्टीकरण’ के नाम पर बदनाम हो चुकी है वह ‘जातिवाद’ की बात कर रहे है! दरारवादी एकता की बात न ही करें तो उनका न सही, उनके पद का नाम बचा रहेगा।
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि जो होता भाजपाई, वो पैदा करता खाई। जिनकी संपूर्ण राजनीति एक जाति के विरोध पर टिकी हो, वो जब भी मुंह खोलेंगे, झूठ बोलेंगे। ‘हाता नहीं भाता’ ही इनकी विद्वेषपूर्ण राजनीति का बेहद कड़वा सच है। अखिलेश यादव ने कहा कि जो सार्वजनिक पद पर रहते हुए भी अपनी जाति के दंभ का दम भरते हैं, वो क्या किसी और का भला करेंगे? जो एकरंगी हैं, वो बहुरंगी एकता की बात कैसे कर सकते हैं? काला चश्मा लगाएं और लौट जाएं! राष्ट्रीय एकता को खतरा तब होता है, जब सामाजिक विभेद को मानने वाला व्यक्ति सत्ता के शीर्ष पर होता है।
वहीं पार्टी मुख्यालय पर सरदार सरदार वल्लभ भाई पटेल और समाजवादी चिंतक आचार्य नरेन्द्र देव की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी दोनों महापुरुषों के बताए रास्ते और विचारधारा पर चल रही है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, राष्ट्रीय महासचिव व विधायक राम अचल राजभर, विधायक रविदास मेहरोत्रा, अरविन्द कुमार सिंह आदि मौजूद थे।