'नाराजगी गोमती में बहाएं, तीसरी बार सरकार बनाएं; UP में लागू करेंगे UCC', शाह ने कार्यकर्ताओं को दिया विजय मंत्र
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने तीसरी ...और पढ़ें
-1793385036370_m.webp)
गृह मंत्री अमित शाह।
HighLights
शाह ने तीसरी बार सरकार बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का वादा।
कार्यकर्ताओं को मिशन-2027 के लिए एकजुट होने को कहा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बूंदाबांदी के बीच चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से छतरी लगाकर बाहर निकले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचते ही कहा कि ‘बोलिये भारत माता की जय, आवाज कम क्यों है ठंड बढ़ी नहीं अभी, लगातार तीसरी बार सरकार बनानी है। विजय संकल्प की मुठ्ठी भींचिए’।
कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए शाह ने उन्हें भाजपा का मालिक बताकर बड़ा संदेश दिया। वहीं कार्यकर्ताओं से भ्रम, अवसाद व नाराजगी गोमती में नदी में फेंककर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने में जुटने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उनका अभिनंदन किया। थोड़ा रुककर फिर गर्मजोशी से कहा ‘सरकार बनने पर प्रदेश में यूसीसी (समान नागरिक संहिता) लागू की जाएगी’।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव को स्मरण दिलाया कि आज के ही दिन मुलायम सिंह यादव ने कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थी, जिसे तीसरी पीढ़ी भी कभी नहीं भूलेगी। कहा कि राहुल गांधी की बकवास का जवाब कार्यकर्ता वोटों से देंगे। गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कठोर शासन से प्रदेश अपराधमुक्त हुआ और यहां जमकर निवेश बरसा।
शाह ने दिया चुनावी मंत्र
2027 का चुनाव केवल सरकार के कामकाज के भरोसे नहीं जीता जाएगा, इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत लगानी होगी। शाह का चुनावी मंत्र स्पष्ट था- नाराजगी छोड़िए, संगठन के लिए जुटिए और 2027 में कमल खिलाइए।
डा. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के डा. भीमराव आंबेडकर प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने 37 मिनट के संबोधन में कार्यकर्ताओं का ध्यान मिशन-2027 की तरफ खींचने पर विशेष फोकस रखा। कहा कि संभव है कि कुछ कार्यकर्ता मंत्री बनना चाहते हों और उन्हें राज्यमंत्री बनाया गया हो। कोई कैबिनेट मंत्री बनना चाहता हो, किसी की इच्छा सांसद बनने की रही हो और उसे जिला पंचायत सदस्य का दायित्व मिला हो। लेकिन कार्यकर्ताओं का सर्वाधिक सम्मान भाजपा ही करती है।
उत्तर प्रदेश में यह सबसे अधिक हुआ है। 2027 का चुनाव जीतने के लिए अभी से मैदान में उतरना होगा। शाह ने कहा कि ‘जब मैं 2014 में उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनकर आया तो उत्साह की कमी नजर आ रही थी। सबको प्रोत्साहित करने का परिणाम रहा कि संगठन जुट गया और हम रिकार्ड 71 सीटें जीत गए’। 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी विरोधी दल भाजपा की हार की गारंटी ले रहे थे।
नोटबंदी के बाद राजनीतिक विरोधियों को अपनी जीत का भरोसा था, लेकिन परिश्रमी कार्यकर्ताओं ने सारे आकलन बदल दिए। भाजपा ने 403 सदस्यीय विधानसभा में 312 सीटें जीतकर सरकार बनाई। शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की राजनीतिक यात्रा कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है।
इसी ताकत के साथ उतरना होगा। गृह मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज भी कसा। कहा कि 1984 में भाजपा की दो सीटों को लेकर कांग्रेस ने ताना मारा, जिसे पार्टी ने अपनी मजबूती बना ली। कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा सरकार बनाने में सफल हुई।
शाह ने कहा कि मैच हारने के बाद तैयारी में जुटने के बजाय राहुल गांधी और अखिलेश यादव अंपायर पर अंगुली उठाने लगे हैं। संसद के विशेष सत्र में चर्चा की चुनौती दी। शाह ने कहा कि राहुल गांधी 2024 के आंकड़ों में ही उलझे हैं, जबकि इतनी सीटें कांग्रेस पिछले तीन लोकसभा चुनावों में भी नहीं पा सकी।
याद दिलाया कि इसके बाद ही भाजपा और एनडीए ने उड़ीसा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश व आंध्र प्रदेश में सरकार बनाई। हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार व बंगाल में प्रचंड बहुमत की सरकार बनी। कांग्रेस तमिलनाडु में 64, उप्र में 41, गुजरात में 41 साल से सरकार नहीं बना सकी है।
यह भी पढ़ें- नए साल में रफ्तार पकड़ेगा बाराबंकी-बहराइच एक्सप्रेसवे, 6 लेन के लिए मिट्टी परीक्षण और यार्ड का काम शुरू
शाह ने राम मंदिर निर्माण और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने जैसे हार्डकोर राजनीतिक मुद्दों को भी एजेंडे में रखा। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर सर्जिकल स्ट्राइक और आपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। शाह ने वर्ष 2031 तक देश को नशामुक्त करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं, विपक्ष के आरोपों का जवाब दें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।