अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा आरोप, बोले-एसआईआर की आड़ में चुनाव लूटने की कर रही तैयारी
Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग ने डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान पर इनाम देने की घोषणा की थी।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव
HighLights
डीजीपी व मुख्य सचिव को हटाने की मांग, कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
महिला उत्पीड़न, फर्जी मुठभेड़ों और भ्रष्टाचार पर 15 मिनट का दिया प्रजेंटेशन
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के वोटों की सुरक्षा और राजनीतिक हिस्सेदारी से जोड़ते हुए भाजपा पर हमला तेज कर दिया है।
उन्होंने 25 लाख से अधिक डुप्लीकेट मतदाता खोजने का दावा कर चुनाव आयोग से इनाम मांगा तो भाजपा पर एसआईआर की आड़ में चुनाव लूटने की तैयारी का आरोप मढ़ा। बढ़ते अपराध को लेकर डीजीपी और मुख्य सचिव को हटाने की मांग की। महिला उत्पीड़न, फर्जी मुठभेड़ों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए 15 मिनट का दृश्य-श्रव्य (आडियो-विजुअल) प्रजेंटेशन भी दिया।
सपा कार्यालय में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने इन मुद्दों के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा का राजनीतिक एजेंडा सामने रखा। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर वाराणसी में काउ मिल्क उत्पाद केंद्र बनाया जाएगा, जहां केवल गाय के दूध से बने उत्पाद ही बिकेंगे। पुलिस की रिस्पांस प्रणाली को भी बेहतर किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग ने डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान पर इनाम देने की घोषणा की थी। उनकी पार्टी ने 25 लाख से अधिक ऐसे नाम खोजे हैं और इनकी सूची आयोग को सौंपी जाएगी। कहा कि सपा और पीडीए प्रहरी अपने वोट बचाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
अखिलेश ने गड़बड़ियों को रोकने के लिए मतदाता पहचान पत्र को आधार से जोड़ने, धातु का कार्ड बनाने और मतदान केंद्रों पर बायोमीट्रिक की पैरवी की। कहा कि सपा की सरकार बनने पर ऐसी व्यवस्था लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने संबंधी बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा चुनाव से नहीं डरी है तो 10 जनवरी से पहले विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दे।
हाल के दिनों में सपा कार्यालय के सामने लगे पोस्टरों से जुड़े मामले में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के लिए डीजीपी को पत्र लिखने की घोषणा भी की। आरोप लगाया कि भाजपा विशेष गहन पुनरीक्षण की आड़ में चुनाव लूटने की तैयारी कर रही है। दूसरे राज्यों से लोगों को लाकर मतदाता बनाने और स्थानीय मतदाताओं के नाम हटाने की आशंका भी जताई। अखिलेश ने प्रदेश में बढ़ते अपराध का आरोप लगाते हुए डीजीपी और मुख्य सचिव को हटाने की मांग दोहराई।
उन्होंने दलितों और महिलाओं के विरुद्ध अपराध तथा फर्जी मुठभेड़ों को लेकर भी योगी सरकार को घेरा। कहा यह पहली सरकार है जिसके पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट ने 81 बार टिप्पणी की है। उन्होंने राज्य के माफिया और कथित फर्जी एनकाउंटर में मारे गए लोगों की सूची भी दिखायी।
असदुद्दीन ओवैसी के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने के न्योते पर अखिलेश ने उन्हें उत्तर प्रदेश में स्थायी रूप से रहने की सलाह दी। इससे पहले सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने लिखित संदेश पढ़कर चंद्रशेखर और ओवैसी के गठबंधन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे विपक्ष को ताकत मिलेगी। आजम खां के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने उन्हें फंसाया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।