अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट डेढ़ घंटे तक रहा 'अनुपलब्ध', समर्थकों में मची खलबली
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट सोमवार शाम करीब डेढ़ घंटे के लिए अनुपलब्ध हो गया, जिससे समर्थकों में नाराजगी फैल गई।

अखिलेश यादव
HighLights
अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट डेढ़ घंटे रहा अनुपलब्ध।
तकनीकी समस्या के कारण अकाउंट अस्थायी रूप से बंद हुआ।
समर्थकों ने इंटरनेट मीडिया पर विरोध दर्ज कराया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट (पेज) सोमवार शाम को अनुपलब्ध हो गया। इसके बाद इंटरनेट मीडिया पर समर्थकों ने विरोध में प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया।
समाजवादी पार्टी की ओर से तकनीकी कारणों से ऐसा होने की जानकारी दी गई, फिर करीब डेढ़ घंटे बाद अकाउंट बहाल हो गया। इससे पहले पिछले वर्ष भी करीब 12 घंटे तक सपा प्रमुख का अकाउंट सस्पेंड रहा था।
सपा प्रमुख के फेसबुक पेज पर वर्तमान में 8.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इस पर सपा के कार्यक्रम, भाषणों के वीडियो, विभिन्न विषयों पर प्रतिक्रिया आदि साझा की जाती हैं। सोमवार रात लगभग आठ बजे उनका यह पेज, फेसबुक पर नजर आना बंद हो गया। सर्च करने पर कंटेंट उपलब्ध न होने का मैसेज नजर आ रहा था। इसे लेकर समर्थकों में नाराजगी फैल गई।
रात 9.30 बजे सपा प्रमुख अकाउंट बहाल हुआ
पिछले वर्ष 10 अक्टूबर को सपा प्रमुख का अकाउंट सस्पेंड हुआ था और समर्थकों ने भाजपा सरकार से लेकर मेटा तक को जिम्मेदार ठहराकर नाराजगी जताई थी। तब सपा की आईटी टीम द्वारा मेल भेजे जाने के बाद बाद अगले दिन इसे बहाल किया गया था।
सोमवार को अकाउंट के अनुपलब्ध होने पर समर्थकों ने पिछले वर्ष जैसी ही प्रतिक्रियाएं दीं। रात 8.32 बजे सपा के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी दी गई कि तकनीकी समस्या के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक फेसबुक पेज अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं है। मेटा इसे जल्द से जल्द बहाल करने के लिए काम कर रहा है। बाद में रात 9.30 बजे सपा प्रमुख अकाउंट बहाल हो गया।