विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी की अपील पर अखि‍लेश ने उठाए सवाल, बाेले- चुनाव बाद ही क्यों याद आईं सारी पाबंदियां

Published: Mon, 11 May 2026 07:41 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से की गई अपील पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं, कहा कि चुनाव खत्म होते ही 'संकट' क्यों याद आया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही, ‘संकट’ याद आ गया! दरअसल, देश के लिए ‘संकट’ सिर्फ एक है और उसका नाम है ‘भाजपा’। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि इतनी सारी पाबंदियां लगानी पड़ीं तो ‘पंच ट्रिलियन डालर की जुमलाई अर्थव्यवस्था’ कैसे बनेगी? लगता है भाजपा सरकार के हाथ से लगाम पूरी तरह छूट गई है। डालर आसमान छू रहा है और देश का रुपया पातालोन्मुखी हो गया है।

सोमवार को पार्टी की ओर से जारी बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि सोना न खरीदने की अपील जनता से नहीं, भाजपाइयों को अपने भ्रष्ट लोगों से करनी चाहिए, क्योंकि जनता तो वैसे भी 1.5 लाख रुपये तोले का सोना नहीं खरीद पा रही है। भाजपाई ही अपनी काली कमाई का स्वर्णीकरण करने में लगे हैं। हमारी बात गलत लग रही हो तो ‘लखनऊ से लेकर गोरखपुर’ तक पता कर लीजिए या ‘अहमदाबाद से लेकर गुवाहाटी’ तक।

उन्होंने कहा कि वैसे सारी पाबंदियां चुनाव के बाद ही क्यों याद आईं है? भाजपाइयों ने चुनाव में जो हजारों चार्टर हवाई यात्राएं कीं, वो क्या पानी से उड़ रहीं थीं? वो क्या होटलों में नहीं ठहर रहे थे या सिलिंडर की फोटो लगाकर खाना बना रहे थे? सारी पाबंदियां जनता के लिए ही हैं क्या? इस तरह की अपील से तो कारोबार-बाजार में मंदी या महंगाई की आशंका की वजह से डर के साथ घबराहट, निराशा फैल जाएगी।

सरकार का काम अपने अकूत संसाधनों का सदुपयोग कर आपातकालीन हालात से उबारना होता है, भय या अफरातफरी फैलाना नहीं। सच तो ये है कि भाजपा विदेश नीति और गृह नीति, दोनों में फेल हो गई है। ये अपील भाजपा सरकार की अपनी असफलता की स्वीकारोक्ति है।

दरअसल वोट मिलते ही भाजपा का खोट सामने आ गया। प्रधानमंत्री जी की अपील के बाद देश की जनता में अचानक आक्रोश का जो उबाल आया है, उसका प्रबंधन भाजपा किसी चुनावी-जुगाड़ की तरह नहीं कर पाएगी, अब भाजपा हमेशा के लिए जाएगी। देश कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा।

यह भी पढ़ें- 594 KM लंबा गंगा एक्सप्रेसवे बनेगा ‘ग्रीन कारिडोर’, लगेंगे 5.50 लाख पौधे; हर क‍िलोमीटर पर होगा खास पौधा