'भाजपा के नारी वंदन के दावों की खुल गई पोल' बंगाल में ऑब्जर्वर बने IPS अजय पाल शर्मा को लेकर अखिलेश का बड़ा बयान
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आईपीएस अजय पाल शर्मा के वायरल वीडियो पर भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा ...और पढ़ें

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, आईपीएस अजय पाल शर्मा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि बंगाल चुनाव के दौरान ऑब्जर्वर बने, प्रदेश के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (अजय पाल शर्मा) का जो अभद्र वीडियो सरेआम चल रहा है, उससे प्रदेश सरकार के शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हुई है। साथ ही भाजपा सरकार के तथाकथित ‘महिला सम्मान’ व ‘नारी वंदन’ के दावों की पोल भी महिलाओं के सामने पूरी तरह खुल गई है।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन-प्रशासन में ऐसे व्यक्ति व अधिकारी अपवाद नहीं है। नारी को लगता है कि जिनके हाथ में महिला सुरक्षा की बागडोर है अगर वो ‘ऐसे’ हैं, तो हमारी सुरक्षा कैसे होगी। आज भाजपा से जुड़ी हर नारी शर्मिंदा है क्योंकि बहन-बेटियां तो उनके घरों में भी हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देखते हैं इनका निलंबन-बर्खास्तगी कितनी जल्दी होती है। इसका सीधा संबंध मुख्यमंत्री की छवि से जुड़ा है।
इस अधिकारी के खिलाफ जैसी कार्रवाई होगी वो तय करेगी कि मुख्यमंत्री का इस मामले में खुद का रुख कैसा है। वैसे इतना सब कुछ उजागर होने के बाद तो मुख्यमंत्री भी मन मारकर ही सही, अनुशासनात्मक-दंडात्मक कार्रवाई करने के लिए बाध्य हो जाएंगे और अपने इस ‘विशेष कृपा प्राप्त’ को बचाने के लिए ये नहीं कहेंगे कि ये वीडियो ‘एआइ’ जेनरेटेड है। जीरो टालरेंस सिर्फ अपराधियों के खिलाफ नहीं ऐसे अधिकारियों के खिलाफ भी होना चाहिए।
