यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे के लिए दिल्ली में बैठक आज, खुद कमान संभालेंगे अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे पर दिल्ली में होने वाली अहम बैठक में खुद कमान संभालेंगे।

अखिलेश यादव
HighLights
अखिलेश यादव दिल्ली में सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे की बैठक में।
जीत की संभावना को सीटों के बंटवारे का आधार बताया।
भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी साधा निशाना।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर मंगलवार को दिल्ली में होने वाली अहम बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद कमान संभाल सकते हैं। उन्होंने जीत के समीकरण और जिताऊ प्रत्याशी के आधार पर सीटों के निर्णय की बात कही है।
बैठक में शामिल होने के लिए अखिलेश सोमवार को दिल्ली पहुंच गए। इससे पहले सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव और सांसद राजीव राय को प्रारंभिक बातचीत का जिम्मा दिया गया था, वह भी दिल्ली में हैं। संभावना है कि सपा प्रमुख के साथ दोनों बैठक में रहेंगे।
सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच चल रही बातचीत के लिहाज से अखिलेश की मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सोमवार को अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे को लेकर सपा का फार्मूला भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में बातचीत का आधार सीटों की संख्या नहीं, बल्कि जीत की संभावना होनी चाहिए। जिस विधानसभा क्षेत्र में जिस दल के जीतने की संभावना अधिक होगी, उसे वहां से चुनाव लड़ने का अवसर मिलना चाहिए।
सपा प्रमुख ने मथुरा में भाजपा की बैठक पर तंज करते हुए कहा कि जो लोग मथुरा-वृंदावन गए हैं, मेरा उनसे निवेदन है कि यमुना में स्नान करके वो कार्यक्रम शुरू करेंगे तो शुभ होगा और यदि बीमार हो जाएं तो अच्छे डॉक्टर से उपचार कराएं। भाजपा द्वारा जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला।
कहा कि सच्चा संत और योगी जनता को गुमराह नहीं करता है। मुख्यमंत्री तो कभी सच बोलते ही नहीं है। वहीं सपा प्रमुख ने आजम खां मामले में नाइंसाफी का आरोप लगाते हुए एक्स पर लिखा कि जनता समय आने पर इसका जवाब देगी। भाजपा को याद रखना चाहिए की सत्ता हमेशा किसी के हाथ में नहीं रहती।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।