आकाश आनंद की फिर हो सकती है बसपा में वापसी, मायावती से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मांगी माफी
Akash Anand: आकाश आनंद के मायावती से माफी मांगने के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि बसपा की मुखिया का दिल फिर अपने बड़े भतीजे के लिए पसीज जाएगा।

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती -- आकाश आनंद
HighLights
मायावती के पोस्ट को रिपोस्ट न करने का कारण भी बताया
आकाश आनंद की वापसी का अंतिम फैसला मायावती के स्तर पर
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी में एक बार फिर आकाश आनंद की वापसी हो सकती है। आकाश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक बार फिर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती से माफी मांगी है।
आकाश आनंद के मायावती से माफी मांगने के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि बसपा की मुखिया का दिल फिर अपने बड़े भतीजे के लिए पसीज जाएगा। आकाश आनंद की BSP में वापसी का रास्ता साफ होने की चर्चा जोरों पर है और माना जा रहा है कि शुक्रवार को ही इस पर फैसला भी हो जाएगा।
आकाश आनंद ने सोशल मीडिया पोस्ट में मायावती से माफी मांगी और मायावती का पोस्ट रिपोस्ट न करने का कारण भी बताया है। आकाश आनंद की बसपा में अब फिर वापसी का अंतिम फैसला मायावती के स्तर पर होना है।
दो अक्टूबर शुक्रवार को नया पोस्ट
आकाश आनंद ने एक्स पर 15 अगस्त के बाद के अपने सभी पोस्ट को हटाकर दो अक्टूबर शुक्रवार को नया पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, परम आदरणीय बहन जी,आप मेरी राजनैतिक गुरु हैं, मेरी प्रेरणा हैं, और मेरी बुआ मां भी हैं। राजनीति में मैंने जो कुछ सीखा, वो आप से ही सीखा, जो कुछ किया, आपके मार्गदर्शन में किया। इसलिए आज अपनी बात सीधे आपके सामने और पूरे बहुजन समाज के सामने रखना चाहता हूं।
BSP सिर्फ पार्टी नहीं, मेरा परिवार
पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया में मेरे बारे में कई तरह की खबरें और अफवाहें चल रही हैं। मैं साफ कर देना चाहता हूं, मैं किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहा। न आज, न कभी। BSP मेरे लिए सिर्फ एक पार्टी नहीं, मेरा परिवार है।
अशोक सिद्धार्थ को बसपा से निकालने का फैसला सही
मायावती से माफी मांगने वाले आकाश ने अपने ससुर के बारे में लिखा कि अशोक सिद्धार्थ जी को पार्टी से निकालने और उनके संन्यास का आपका फैसला पूरी तरह उचित है और मैं उस फैसले के साथ खड़ा हूं। रिश्ते अपनी जगह हैं, पर मिशन उनसे बड़ा है। व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों से ऊपर पार्टी और आंदोलन का हित रखना मेरी जिम्मेदारी है।
अफवाहों को जगह मिली
उन्होंने आगे लिखा कि उस समय मैंने खुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया था, इसलिए आपके उस पोस्ट को रिपोस्ट नहीं कर पाया। मेरी उस चुप्पी को गलत समझा गया, और अफवाहों को जगह मिली। अगर इससे आपको ठेस पहुँची है, तो मैं उसके लिए आपसे क्षमा चाहता हूं।
अपनी मेहनत से साबित करूंगा
आकाश ने लिखा, मैं सिर्फ आपके नेतृत्व में फिर से पार्टी और मिशन की सेवा का अवसर चाहता हूं। विश्वास शब्दों से नहीं, काम से बनता है और मैं उसे अपने आचरण और अपनी मेहनत से साबित करूंगा। बाबा साहेब का मिशन, मान्यवर साहेब का रास्ता, और आपका नेतृत्व। यही मेरी राजनीति है। जय भीम। जय बसपा।
