विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में अब AI तय करेगा किस मार्ग पर चलेंगी कितनी बसें? डिजिटल प्लेटफॉर्म पर घटेगा यात्रियों का इंतजार

Published: Thu, 05 Nov 2026 08:02 AM (IST)

यूपीएसआरटीसी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करके बसों के संचालन को सुव्यवस्थित करेगा, जिससे यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट किया गया है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट किया गया है।

HighLights

  1. एआई तय करेगा बसों का अंतराल, यात्रियों का इंतजार घटेगा।

  2. यूपीएसआरटीसी 30 करोड़ की लागत से नई व्यवस्था लागू करेगा।

  3. डिजिटल प्लेटफॉर्म से 14,300 बसों का संचालन प्रबंधित होगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। रोडवेज बसों के लिए अब यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। किसी मार्ग पर कितने अंतराल पर बस चलनी चाहिए, यह तय करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की मदद ली जाएगी।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) इसके लिए करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। इसके लिए निविदा आमंत्रित की गई है।

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के अनुसार, इस व्यवस्था के तहत प्रदेश के सभी 120 डिपो की लगभग 14,300 बसों का संचालन एक डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। इन बसों से रोजाना 17 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं।

यह परियोजना केंद्र सरकार की इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम योजना के तहत प्रस्तावित है। नई व्यवस्था में एआइ यात्रियों की संख्या, मार्गों की मांग, यात्रा के समय और उपलब्ध बसों का विश्लेषण करेगा। इससे अलग-अलग डिपो की बसों का समय मिलाकर नियमित अंतराल पर संचालन किया जा सकेगा।

जिस मार्ग पर हर 15 मिनट में बस की जरूरत होगी, वहां उसी हिसाब से समय-सारिणी बनाई जा सकेगी। इसके अलावा बसों की मरम्मत, सर्विसिंग और चालक-परिचालकों की ड्यूटी का भी डिजिटल प्रबंधन होगा।

मुख्यालय से बसों और डिपो के कामकाज पर नजर रखी जा सकेगी। इससे ईंधन और कर्मचारियों का बेहतर उपयोग होगा, प्रतीक्षा समय घटेगा और यात्रियों की संख्या व निगम की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- दीपावली 2026: दीपावली 8 नवंबर को, जानें लक्ष्मी पूजन और सिद्धि काल के सबसे शुभ मुहूर्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।