हरदोई के पेट्रोल पंप पर ईंधन की जगह बांटा गया 90 फीसद पानी, पेट्रोल पंप कर्मी ने ग्राहक को पीटा
Water Dispensed From Petrol Pump: जांच करने पर टंकी और बोतल में निकाले गए ईंधन में 10 फीसद पेट्रोल और 90 फीसद पानी का मिश्रण पाया गया।
HighLights
पेट्रोल पंप पर बवाल के बाद हिरासत में लिया गया मैनेजर
दर्जनों वाहन चालकों की गाड़ियां बंद होने पर लोग आक्रोशत
जागरण संवाददाता, हरदोई। एचपी पेट्रोल पंप, बघौली चौराहा पर शनिवार को गाड़ियों में शुद्ध ईंधन के बजाय पानी मिला पेट्रोल भरने का गंभीर मामला सामने आया है। मिलावटी व पानी युक्त पेट्रोल की आपूर्ति से दर्जनों वाहन चालकों की गाड़ियां बंद पड़ गईं, जिसके बाद आक्रोशित ग्राहकों ने पंप परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और पंप मैनेजर को हिरासत में ले लिया।
पंप से पेट्रोल भरवाकर निकले आशीष की मोटरसाइकिल कुछ ही दूरी पर जाने के बाद बंद हो गई। जांच करने पर टंकी और बोतल में निकाले गए ईंधन में 10 फीसद पेट्रोल और 90 फीसद पानी का मिश्रण पाया गया। इसके बाद ठगी का शिकार हरिनाम, बबलू, सिद्दीक, रामदीन, अंकुर शुक्ला और कमलेश सहित कई अन्य ग्राहक भी मौके पर एकत्र हो गए।
इन सभी ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच तीखी बहस के दौरान स्थिति बिगड़ गई। गुस्से में आकर सेल्समैन ने पेट्रोल भरने वाले नोजल से आशीष पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। हंगामे की खबर पर पहुंची थाना पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और पुलिस की मौजूदगी में पंप प्रबंधन से दर्जनों ग्राहकों के पैसे वापस करवाए।
पुलिस इसके बाद पंप मैनेजर नीतेश को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां पीड़ित ग्राहकों का जमावड़ा लगा रहा। पंप मैनेजर नीतेश ने बताया कि भूमिगत टैंक में पानी चले जाने के कारण यह खराबी हुई। थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
