विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई रेलवे स्टेशन पर अचानक चला चेकिंग अभियान, दरोगा-सिपाहियों समेत 20 यात्रियों पर कार्रवाई

Published: Thu, 10 Sep 2026 05:48 PM (IST)

हरदोई रेलवे स्टेशन पर अनाधिकृत यात्रा के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें एसीएम प्रांजल जैन के नेतृत्व में 20 यात्रियों पर कार्रवाई हुई।

रेलवे स्टेशन पर अचानक चला चेकिंग अभियान।

रेलवे स्टेशन पर अचानक चला चेकिंग अभियान।

HighLights

  1. हरदोई स्टेशन पर अनाधिकृत यात्रा के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान।

  2. एक दरोगा और कई सिपाहियों सहित 20 यात्रियों पर कार्रवाई।

  3. पंजाब मेल की पेंट्रीकार में भोजन गुणवत्ता की जांच की गई।

जागरण संवाददाता, हरदोई। रेलवे प्रशासन ने हरदोई स्टेशन पर अनाधिकृत यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। असिस्टेंट कमर्शियल मैनेजर (एसीएम) प्रांजल जैन के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान बिना टिकट सफर करने और जनरल टिकट पर स्लीपर कोच में यात्रा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें एक दरोगा और कई सिपाहियों समेत कुल 20 यात्री कार्रवाई की जद में आए।

हरदोई स्टेशन पर जांच के दौरान पुलिसकर्मियों के यात्रा दस्तावेज देखे गए। नियमों का पालन न करने पर एक दरोगा और कई सिपाहियों पर रेलवे नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। स्टेशन पर 9 यात्रियों से करीब 6 हजार रुपये वसूले गए।

हरदोई के बाद जांच टीम ने मुरादाबाद तक ट्रेनों में अभियान जारी रखा। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक अंबुज मिश्रा और टीम की इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 20 यात्रियों से करीब 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पंजाब मेल की पेंट्रीकार की जांच

अधिकारियों ने ट्रेन संख्या 13005 हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल एक्सप्रेस की पेंट्रीकार का औचक निरीक्षण किया। यहां यात्रियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता जांची गई और खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजे गए।

रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन ने सभी यात्रियों से वैध टिकट लेकर ही निर्धारित श्रेणी में यात्रा करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- अमरोहा की 576 पंचायतों में 11 करोड़ से बनेंगे 9213 शौचालय, 1753 लाभार्थियों की लिस्ट तैयार