अमरोहा की 576 पंचायतों में 11 करोड़ से बनेंगे 9213 शौचालय, 1753 लाभार्थियों की लिस्ट तैयार
अमरोहा की 576 ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत 9213 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण किया जाएगा, जिस पर 11 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे।

576 पंचायतों में 11 करोड़ से बनेंगे 9213 व्यक्तिगत शौचालय।
HighLights
अमरोहा की 576 पंचायतों में 9213 शौचालयों का लक्ष्य।
3500 लाभार्थियों को 2.10 करोड़ की पहली किस्त जारी।
कुल 11 करोड़ से अधिक का बजट खर्च होगा।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण चलाया जा रहा है। जिसके तहत ग्राम पंचायतों में व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। जनपद की 576 ग्राम पंचायतों में 9213 व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य पंचायती राज विभाग को प्राप्त हुआ है।
इनमें से 3500 लाभार्थियों का चयन कर विभाग ने छह-छह हजार रुपये के हिसाब से 2.10 करोड़ रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में भेज है। जबकि, 1753 की फाइल स्वीकृति के लिए तैयार है। 5300 आवेदनों की जांच का कार्य चल रहा है।
पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के लिए प्रत्येक लाभार्थी को 12 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाती है। इस साल मिशन के तहत जिलेभर में 9213 शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। 11,05,56,000 रुपये उनके निर्माण पर खर्च किए जाएंगे।
यहां बता दें कि व्यक्तिगत शौचालय बनवाने के लिए विभागीय पोर्टल पर आनलाइन आवेदन किए जाते हैं। 576 पंचायतों से विभाग को 10,553 लोगों के आवेदन प्राप्त हुए थे। इसके बाद विभाग ने उनकी जांच कराई। जिसमें 3500 लोग व्यक्तिगत शौचालय के पात्र पाए गए।
एडीपीआरओ विमल कुमार ने बताया कि पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में छह-छह हजार रुपये की पहली किस्त भेजी जा चुकी है। 1753 लाभार्थियों की फाइल तैयार है। स्वीकृति मिलते ही उनके खातों में भी राशि भेजी जाएगी।
5300 आवेदकों की जांच का कार्य चल रहा है। सत्यापन के बाद जितने भी आवेदक पात्र पाए जाएंगे, उनको शौचालय बनवाने के लिए पहली किस्त जारी की जाएगी। आधा निर्माण होने के बाद शौचालय का सत्यापन होगा और फिर छह-छह हजार रुपये की दूसरी किस्त जारी होगी।
