विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में डग्गामार बसों को संरक्षण देने वाले चौकी इंचार्ज समेत नौ पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, जेसीपी ने की कार्रवाई

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:02 PM (IST)

लखनऊ में डग्गामार बसों को संरक्षण देने के आरोप में पॉलीटेक्निक चौकी इंचार्ज समेत नौ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. नौ पुलिसकर्मी डग्गामार बसों को संरक्षण देने पर लाइन हाजिर।

  2. एसीपी की रिपोर्ट पर जेसीपी ने की यह बड़ी कार्रवाई।

  3. लखनऊ में 300 से अधिक अवैध बसें हो रहीं संचालित।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। शहर में डग्गामार बसों के अवैध संचालन को संरक्षण देने के आरोप में पॉलीटेक्निक चौकी समेत नौ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार ने एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय की जांच रिपोर्ट के आधार पर इन सभी को लाइन हाजिर कर दिया है।

जांच में सामने आया कि संबंधित पुलिसकर्मियों की जानकारी में डग्गामार बसों का संचालन हो रहा था, लेकिन उन्होंने इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पूछताछ के दौरान भी पुलिसकर्मी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद कार्रवाई

एसीपी विभूतिखंड ने बीते सप्ताह अपनी जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी थी। रिपोर्ट में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद जेसीपी ने कार्रवाई की। इसके साथ ही परिवहन विभाग के उन कर्मचारियों की भूमिका की जांच के लिए भी रिपोर्ट भेजी गई है, जिनकी मिलीभगत से अवैध बसों का संचालन होने की आशंका है। यातायात निरीक्षक (टीएसआई) की गाड़ी चलाने वाले होमगार्ड के खिलाफ भी संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है।

इन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई

  • मनोज कुमार, चौकी प्रभारी पॉलीटेक्निक
  • धर्मवीर सिंह, टीएसआई
  • धीरेंद्र बहादुर सिंह, टीएसआई
  • गजेंद्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल, कमता चौकीं
  • कुलदीप कुमार, कांस्टेबल, टेढ़ी पुलिया चौकी
  • ऋषभ सिंह, कांस्टेबल, पॉलीटेक्निक चौकी
  • अनुज शुक्ला, ट्रैफिक कांस्टेबल
  • रुद्र प्रताप सिंह, ट्रैफिक कांस्टेबल
  • पुनीत सिंह, ट्रैफिक कांस्टेबल

शहर में अवध चौराहा, पॉलीटेक्निक, टेढ़ी पुलिया, कमता, सीतापुर रोड, हरदोई रोड, अहिमामऊ चौराहा, तेलीबाग और हनुमंत धाम के आसपास डग्गामार बसों का संचालन हो रहा है।

प्रतिदिन 300 से अधिक बसें अलग-अलग मार्गों पर सवारियां भरती हैं। इन बसों के कारण न सिर्फ यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि रोडवेज को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। अवैध बस अड्डों के कारण यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

दस से अधिक स्थानों पर अवैध संचालन उजागर

शहर में आरटीओ कार्यालय के आसपास, आलमबाग और कमता बस अड्डों के पास से निजी बसों के संचालन होता है। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और बिहार तक के लिए बसें चलने की जानकारी दी गई। इसके बाद परिवहन विभाग ने विशेष अभियान चलाया।

25 अगस्त को अभियान के तीसरे दिन आठ बसें सीज और सात का चालान किया गया। अहिमामऊ से आजमगढ़, कमता से अयोध्या और मड़ियाहूं-भिटौली से सीतापुर मार्ग पर कार्रवाई हुई। बसों के पास कांट्रैक्ट कैरिज परमिट होने के बावजूद फुटकर सवारियां ढोई जा रही थीं।

अक्टूबर में 100 से ज्यादा डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई हुई

पॉलीटेक्निक-कमता क्षेत्र में अक्टूबर के दौरान इसके अतिरिक्त 100 डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई का भी उल्लेख है। इस पूरे मामले में सबसे अहम तथ्य यह है कि कार्रवाई के आंकड़े सामने आने के बावजूद डग्गामार वाहनों का संचालन बंद नहीं हुआ।

31 अक्टूबर 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक परिवहन निगम के सर्वे में पॉलीटेक्निक से अवध बस अड्डे के बीच कुल 745 अनधिकृत वाहन मिले थे। इनमें 522 आर्टिगा, 47 स्लीपर वाहन, 143 छोटी-बड़ी बसें और 33 ट्रैवलर शामिल थे। इनकी सूची परिवहन विभाग को कार्रवाई के लिए भेजी गई थी। वहीं एक नवंबर की रिपोर्ट में पॉलीटेक्निक ओवरब्रिज से चिनहट तक करीब 120 डग्गामार बसों के संचालन की बात सामने आई थी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस पलटने से 3 की मौत, राजस्थान से बिहार के छपरा जा रहे थे 65 यात्री; कई घायल

यह भी पढ़ें- आगरा में इनर रिंग रोड पर दौड़ती डबल डेकर बस में लगी आग, मची अफरातफरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।