उत्तर प्रदेश में जटिल मामले सुलझाने के लिए 22 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित, मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक
उत्तर प्रदेश के 22 पुलिसकर्मियों को जटिल मामलों की विवेचना और विशेष अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्ष 2026 का केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक मिलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
22 यूपी पुलिसकर्मियों को केंद्रीय गृह मंत्री पदक मिलेगा।
जटिल मामलों की विवेचना, विशेष अभियानों में उत्कृष्टता।
17 विशेष अभियान, 5 विवेचना के लिए चयनित।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और जटिल आपराधिक मामलों की विवेचना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के 22 पुलिसकर्मियों को वर्ष 2026 के केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 17 पुलिसकर्मियों को विशेष अभियान में उल्लेखनीय योगदान और पांच अधिकारियों को विवेचना में उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित किया गया है।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में देशभर के 490 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया गया है। इनमें विशेष अभियान के लिए 358, विवेचना के लिए 123 और फोरेंसिक साइंस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए नौ पुलिस कर्मियों व सुरक्षा एजेंसियों के कर्मियों का चयन किया गया है।
यूपी पुलिस के जिन 17 कर्मियों को विशेष अभियान के लिए चुना गया है, उनमें दो अलग-अलग अभियानों में शामिल पुलिसकर्मी हैं। पिछली 12 और 13 मई को चलाए गए अभियान में डीआईजी अभिषेक यादव, एएसपी प्रीति बाला गुप्ता, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पांडेय, सुधीर कुमार उज्ज्वल और कैलाश यादव के अलावा एसआइ मोहम्मद तारिक व अमित कुमार भाटी, हेड कांस्टेबल अंशुल कुमार, रोहित मलिक, सलीम, भारत पांडेय और दिनेश चंद्र कनौजिया शामिल हैं।
वहीं, 27 सितंबर से एक अक्टूबर 2025 तक चले दूसरे अभियान में एसएसपी देवेश कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह और फजल उर रहमान, हेड कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार सिंह और अमित कुमार को उत्कृष्ट कार्य के लिए चुना गया है। इसी प्रकार विवेचना के क्षेत्र में एसपी अनुकृति शर्मा, इंस्पेक्टर विश्वजीत प्रताप सिंह, संजेश कुमार, उमेश रोरिया और सब इंस्पेक्टर वृंदावन राय को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा सीबीआई लखनऊ में तैनात डीएसपी सभाजीत चौहान को भी अगस्त 2025 में दस लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए नारकोटिक्स ब्यूरो के इंस्पेक्टर और अन्य कर्मियों से जुड़े मामले की विवेचना के लिए पदक दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- मीरजापुर में तैयार हुआ उत्तर प्रदेश का पहला विकसित ग्राम पंचायत प्लान, ग्रामीणों की जरूरत के हिसाब से होगा विकास
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।