विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ के मुख्य बाजारों के फायर हाइड्रेंट हुए कबाड़, रास्ते में हांफ जाएंगी दमकल गाड़ियां

Published: Mon, 02 Nov 2026 07:33 PM (IST)

यदि किसी बाजार में आग लगती है तो अतिक्रमण से घिरी सड़कों के कारण दमकल की गाड़ियों का मौके तक पहुंचना मुश्किल होगा।

अमीनाबाद के प्रताप मार्केट में खराब फायर हाइड्रेंट। जागरण

अमीनाबाद के प्रताप मार्केट में खराब फायर हाइड्रेंट। जागरण

HighLights

  1. राजधानी में दीपावाली व धनतेरस को लेकर बाजार गुलजार, आग से बचाव नाकाफी

  2. सभी प्रमुख बाजारों तक पहुंचने वालीं सड़कें जाम


जागरण संवाददाता, लखनऊ: दीपावाली और धनतेरस के त्योहार को लेकर राजधानी के बाजार गुलजार हैं। सुबह से देर रात तक छोटे-बड़े बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। हालात यह हैं कि बाजारों में पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है।

बाजारों को जोड़ने वाली सड़कों पर लंबा जाम लग रहा है। बाजारों में लगे फायर हाइड्रेंट कबाड़ हो गए हैं। बिल्डिंगों में बिजली मीटरों का जाल है। यदि किसी बाजार में आग लगती है तो अतिक्रमण से घिरी सड़कों के कारण दमकल की गाड़ियों का मौके तक पहुंचना मुश्किल होगा। गाड़ियां पहुंच भी गईं तो फायर हाइड्रेंट खराब होने से पानी के लिए चक्कर लगाना पड़ेगा। इससे बड़ा हादसा हो सकता है। दैनिक जागरण की टीम ने मंगलवार को अमीनाबाद, चौक और भूतनाथ के बाजारों की पड़ताल की तो यह हकीकत सामने आई।

अमीनाबाद : दोपहर दो बजे अमीनाबाद बाजार में खरीदारों की भीड़ चरम पर थी। अतिक्रमण के चलते सड़क पर वाहनों के निकलने की जगह तक नहीं बची थी। प्रताप मार्केट में फायर हाइड्रेंट खराब पड़े थे। एक फायर हाइड्रेंट के पास तो कूड़े का ढेर लगा था। मुमताज मार्केट में बिजली मीटरों का मकड़जाल था। ऐसे में यदि आग लगती है और किसी तरह से अग्निशमन विभाग की गाड़ियां यहां तक पहुंचती हैं, तो पानी के लिए उन्हें चक्कर काटना पड़ेगा, क्योंकि फायर हाइड्रेंट काम नहीं करेगा।
चौक : दोपहर तीन बजे चौक बाजार में कपड़े, बिजली की झालरें, सजावटी सामान, मोमबत्तियां, धूप-अगरबत्ती, दीये-बाती और उपहारों की दुकानें सजी थीं। ठेलों से लेकर स्थायी दुकानों तक खरीदारों की भीड़ थी। लोग अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से सामान खरीद रहे थे। यहां फायर हाइड्रेंट कहीं दिखे ही नहीं।

बताएं गए हैं दुकानदारों को आग से बचाव के उपाय

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि दुकानदारों को आग से बचाव के उपाय अपनाने के लिए निर्देशित किया गया है। संकरी सड़कों पर आग लगने की स्थिति में 50 लीटर क्षमता वाली बाइकों की मदद ली जाएगी। आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य गाड़ियां भी भेजी जाएंगी।

क्या कह रहे हैं खरीददार व दुकानदार

खरीदार विपुल ने बताया कि चौक बाजार में दीपावाली की खरीदारी करने आए हैं। काफी भीड़ है। अतिक्रमण की वजह से सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है। यदि आग लगती है या कोई अन्य आपात स्थिति पैदा होती है तो बचाव कार्य में दिक्कत होगी।
दुकानदार सीएम दुबे ने बताया कि दुकान में आग से बचाव के इंतजाम किए गए हैं। दुकान पर काम करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित कराया गया है।
दुकानदार मजहर खान ने बताया कि दुकान में अग्निशमन उपकरण लगे हैं। ग्राहकों से भी अपील करते हैं कि बाजार में भीड़ होने पर अपने वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े करके आएं, ताकि जाम की समस्या न हो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।