वर्षा और तेज हवा से लखीमपुर में रेलवे ट्रैक पर गिरे कई पेड़, लखनऊ तक ट्रेन का संचालन प्रभावित
Railway Operation Affected: लखीमपुर खीरी रेलवे स्टेशन पर कासगंज-लखनऊ एक्सप्रेस को रोका गया। ओयल और हरगांव के बीच रेलवे ट्रैक पर कई पेड़ गिर गए हैं।

लखीमपुर रेलवे स्टेशन परखड़ी कासगंज-लखनऊ एक्सप्रेस
HighLights
लखीमपुर में रेलवे स्टेशन पर रोकी गई कासगंज-लखनऊ एक्सप्रेस
हरगांव-सीतापुर के बीच भी पेड़ गिरने से रेल मार्ग बाधित
जागरण संवाददाता, लखीमपुर: प्रदेश के 80 प्रतिशत जिलों में बीते 36 घंटों से लगातार बारिश का असर सड़क के साथ हवाई और रेल मार्ग पर भी पड़ा है। लखीमपुर और सीतापुर रेल मार्ग पर बारिश का दौरान तेज हवा से रेलवे ट्रैक पर कई पेड़ों के गिरने से ट्रेन संचालन प्रभावित हो गया।
लखीमपुर खीरी रेलवे स्टेशन पर कासगंज-लखनऊ एक्सप्रेस को रोका गया। ओयल और हरगांव के बीच रेलवे ट्रैक पर कई पेड़ गिर गए हैं। इसके कारण ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया है। हरगांव-सीतापुर के बीच भी पेड़ गिरने से रेल मार्ग बाधित है। तेज हवाओं के चलते ट्रैक पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम भी प्रभावित होने से यहां पर रेल यातायात बाधित है।
मोहम्मदी में 342 मिमी वर्षा
लखीमपुर में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। शनिवार को प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मदी तहसील में सर्वाधिक 342 मिमी बारिश दर्ज की गई। निघासन में 182.4 मिमी, सदर में 135 मिमी और धौरहरा में 105 मिमी वर्षा हुई। जिले में औसत वर्षा 191.1 मिमी दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। खेतों में खड़ी फसलों पर भी बारिश का असर पड़ने की आशंका है। लगातार पानी गिरने से ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों और रास्तों पर भी खतरा बढ़ सकता है। प्रशासन और संबंधित विभागों को जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर रखने की जरूरत है। लोगों से अनावश्यक रूप से जलभराव वाले रास्तों और तेज बहाव वाले स्थानों पर न जाने की अपील की गई है। डीएम अंजनी कुमार सिंह भी भारी बरसात का जायजा लेने शहर में दलबल के साथ निकले हैं।
सड़क पर उतरे डीएम अंजनी कुमार सिंह
मौसम विभाग की ओर से जनपद में अतिवृष्टि, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके दृष्टिगत प्री-प्राइमरी से कक्षा-12 तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित कर दिया गया है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जनसामान्य से मौसम खराब रहने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
जगह-जगह निरीक्षण कर रहे डीएम ने कहा कि अतिआवश्यक न हो तो घर से बाहर न निकलें और पक्के व सुरक्षित मकानों में ही रहें। विद्युत पोल एवं तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। कच्चे व जर्जर मकानों के आसपास अथवा उनमें निवास न करें। जलभराव वाले क्षेत्रों में भी सावधानी बरतें तथा सर्प एवं अन्य विषैले जीव-जंतुओं से सतर्क रहें।
आकाशीय बिजली से बचाव के लिए खुले मैदान, खेत, पेड़, बिजली के खंभों अथवा अन्य ऊंची वस्तुओं के नीचे खड़े न हों। गरज-चमक के दौरान यथासंभव पक्के मकान में सुरक्षित रहें। डीएम ने बताया कि जलभराव अथवा किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर संबंधित खंड विकास अधिकारी या क्षेत्रीय लेखपाल से तत्काल संपर्क किया जा सकता है। किसी भी आकस्मिकता या आपदा राहत की आवश्यकता होने पर कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1077, फोन 05872-298410 /412865 तथा मोबाइल 9454416588 पर तत्काल सूचना दें।
