कतकी मेले का इंतजार कर रहे लोगों को मिला 'बाघ का डर', खूंखार पैर के निशान दिखने से तैयारियों पर पड़ा पलीता
लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लाक में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर लगने वाले कतकी मेले की तैयारियों पर बाघ की दहशत का साया मंडरा रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कतकी मेले की तैयारियों पर बाघ की दहशत का असर।
गोमती नदी तट पर बाघ के पगचिन्ह मिले।
मेला समितियों ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की।
आशीष शुक्ला, जंगबहादुरगंज (लखीमपुर)। पसगवां ब्लॉक व आसपास में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर गोमती नदी के तट पर लगने वाले कतकी मेले की तैयारियों को लेकर मेला समितियां चिंतित नजर आ रही है। गोमती नदी के तट पर जतनगंज, मढ़ियाघाट, इमलियाघाट, सेमराघाट, बरवर-औरंगाबाद पुल, कांकरघाट, बरुआघाट, जमुनियाघाट व अमरीघाट सहित अनेक स्थानों पर गंगा स्नान के दौरान कतकी मेले का आयोजन होता है।
हरदोई-खीरी जनपद की सीमा क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी आयोजन समिति के लिए मुसीबत बन गई है। गोमती नदी के करीब महमूदपुर, सरैया, जरौना तथा महुआढाब आदि स्थानों पर बाघ के पगचिन्ह मिले हैं। दोनों जनपदों के वन विभाग ने बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की है। ऐसे में गोमती नदी के किनारे बसे गांवों और मेला स्थलों पर चिंता बढ़ गई है।
मेला समिति के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि मेले कैसे लगेंगे, श्रद्धालुओं की भीड़ कैसे संभाली जाएगी और तैयारियां कैसे होंगी। मेला समिति ने भी प्रशासन से मेले के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल, वन विभाग की टीम और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
मेले में सैकड़ों श्रद्धालु गोमती नदी में स्नान करने के लिए पहुंचते हैं। घाटों पर दुकानें, झूले, खानपान के स्टाल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। लेकिन बाघ की दहशत के चलते इस बार दुकानदारों और श्रद्धालुओं में भी डर का माहौल है। बाघ की तलाश में वन विभाग की टीमें जुटी हुई हैं। पिहानी रेंजर नीलम मौर्य का कहना है कि बाघ की लोकेशन को लेकर टीम लगातार प्रयास कर रही है।
बाघ का मूवमेंट बना हुआ है। उम्मीद है कि क्षेत्र में एक ही बाघ मूवमेंट कर रहा है। वहीं मैगलगंज रेंजर विकास सिंह का कहना है कि महुआ धाम में बाघ होने की सूचना के बाद टीम लगाई गई है। पगचिन्ह मिले हैं, टीम लगातार कॉम्बिंग कर रही है। अभी तक टीम द्वारा बाघ को देखा नहीं जा सका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।