कार्तिक पूर्णिमा पर सजेगा सोनपुर का विश्व प्रसिद्ध मेला: संगम स्नान, जलाभिषेक और लिट्टी-सत्तू की दिखेगी धूम
हरिहर क्षेत्र सोनपुर कार्तिक पूर्णिमा के लिए तैयार है, जहां गंगा-गंडक संगम पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। इस अवसर ...और पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा पर सजेगा सोनपुर का विश्व प्रसिद्ध मेला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
गंगा-गंडक संगम पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान का विशेष महत्व।
बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना।
सोनपुर मेले में लिट्टी-सत्तू और लोक संस्कृति का अनुभव।
संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। गंगा की लहरों में आस्था की डुबकी, मंदिरों में गूंजती घंटियां और मगही-भोजपुरी की मिठास के बीच हरिहर क्षेत्र सोनपुर कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार है।
24 नवंबर मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा-गंडक के संगम पर स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मोक्ष और पुण्य की कामना लेकर लोग पवित्र नदी में डुबकी लगाएंगे। इसके बाद बाबा हरिहरनाथ के दरबार में जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करेंगे।
गंगा स्नान के बाद बाबा हरिहरनाथ पर जल चढ़ाने की परंपरा
सनातन परंपरा में कार्तिक पूर्णिमा को स्नान, दान और आराधना के लिए विशेष पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदी में स्नान और सामर्थ्य के अनुसार अन्न, वस्त्र, तिल व गुड़ का दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देकर श्रद्धालु मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे। हरिहर क्षेत्र में गंगा स्नान के बाद बाबा हरिहरनाथ पर जल चढ़ाने की परंपरा का विशेष महत्व है।
हरि-हर के मिलन का प्रतीक है बाबा हरिहरनाथ मंदिर
सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में भगवान शिव और विष्णु के संयुक्त स्वरूप की पूजा होती है। इसी कारण इस क्षेत्र को हरिहर क्षेत्र कहा जाता है। मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान और बाबा पर जल अर्पित करने का विशेष महत्व है।
श्रद्धालु भक्ति भाव से जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं। इस दिन स्नान के साथ दान-पुण्य और जरूरतमंदों की सेवा भी महत्वपूर्ण मानी गई है।
लिट्टी-सत्तू के स्वाद के साथ लोक संस्कृति की दिखेगी झलक
कार्तिक पूर्णिमा पर हरिहर क्षेत्र का मेला धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक मिलन का भी अवसर बनता है। मगही और भोजपुरी की मिठास के बीच लोग रिश्तेदारों और परिचितों से मिलकर सुख-दुख साझा करते हैं। मेले में गर्मागर्म लिट्टी-सत्तू, मूली और प्याज के साथ देसी खानपान का आनंद लेने वालों की भीड़ रहती है।
चिउड़ा, फरुही और मुकुंदाना यानी लीचीदाना की दुकानों पर भी खरीदारी होती है। सोनपुर मेले की ऐतिहासिक पहचान हाथियों और घोड़ों के व्यापार से जुड़ी रही है। समय के साथ इसका स्वरूप बदला है और अब हस्तशिल्प, ग्रामीण उत्पाद, मनोरंजन तथा खानपान भी आकर्षण का केंद्र हैं।
दीपदान से जगमगाएंगे नदी के घाट
कार्तिक पूर्णिमा की शाम को देव दीपावली की परंपरा के तहत श्रद्धालु नदी किनारे दीपदान करेंगे। पूर्णिमा के चंद्रमा की रोशनी और जलधारा पर तैरते दीप हरिहर क्षेत्र की छटा को खास बनाएंगे। इस अवसर पर श्रद्धालु परिवार की सुख-शांति और कल्याण की कामना करेंगे।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी क्षेत्र में भगवान विष्णु ने गजेंद्र को ग्राह के बंधन से मुक्त कराया था। गजेंद्र मोक्ष की कथा भी इस क्षेत्र की धार्मिक पहचान से जुड़ी है। आस्था के इस पर्व पर गंगा की स्वच्छता बनाए रखना भी जरूरी है। श्रद्धालुओं से अपेक्षा है कि पूजा सामग्री और कचरा नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर डालें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।