ठुठवा मेले के लिए उमड़े लोग, ना अध्यक्ष और ना स्थायी जमीन... फिर भी 450 सालों से घाघरा नदी के किनारे सज रहे झूले-दुकानें
लखीमपुर के घाघरा नदी तट पर लगने वाले 450 साल पुराने ठुठवा मेले में रौनक बढ़ने लगी है, जहां दुकानदार और झूले वाले तैयारियां कर रहे हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
दुकानदार और झूले वाले ठुठवा मेले की तैयारी में जुटे।
450 साल पुराना यह मेला बिना स्थायी समिति के लगता है।
मेले में सियासी शक्ति प्रदर्शन से रौनक प्रभावित होने की आशंका।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। घाघरा नदी के कछार में लगने वाले ऐतिहासिक ठुठवा मेले की रौनक बढ़ने लगी है। शनिवार को कई जिलों से दुकानदार पहुंचे और अपनी जगह आरक्षित कर दुकानें सजाने की तैयारी शुरू की। झूले, सर्कस और मौत का कुआं लगाने वाले संचालक भी तैयारियों में जुट गए हैं।
आवागमन सुगम बनाने के लिए 40 फिट चौड़ा मुख्य मार्ग बनाया गया है। अन्य रास्ते 30-30 फिट चौड़े हैं। भंडारों के आयोजन के लिए नदी किनारे अलग जगह दी गई है। करीब 450 वर्षों से लग रहे इस मेले की कोई स्थायी जगह या औपचारिक कमेटी नहीं है।

यहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भी नहीं हैं। दुकानदारों और प्रशासन के सहयोग से मेला आयोजित होता है। व्यवस्थाओं में राजापुर ग्राम प्रधान और विकासखंड प्रशासन की भी अहम भूमिका रहती है। घाघरा नदी के कछार का यह मेला क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान है।
सियासी शक्ति प्रदर्शन से मेले की रौनक प्रभावित होने की आशंका
अंबुज मिश्र जागरण, ईसानगर (लखीमपुर)। ठुठवा मेला इस बार धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के साथ सियासी शक्ति प्रदर्शन का केंद्र भी बन सकता है। सत्ता पक्ष के टिकट की दावेदारी कर रहे कुछ नेताओं ने ताकत दिखाने की तैयारी शुरू की है। क्षेत्र में करीब एक दर्जन नेताओं की दावेदारी की चर्चा है। कहा जा रहा है कि भाजपा के एक से अधिक पंडाल सज सकते हैं।
टिकट के आधे से अधिक दावेदार सौ से ज्यादा गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचने की तैयारी में हैं। काफिलों में बहराइच और हरदोई की गाड़ियां भी शामिल हो सकती हैं। विपक्ष के कुछ नेताओं के समर्थकों के साथ पहुंचने की संभावना है।
लंबे काफिलों और भीड़ से यातायात प्रभावित हो सकता है और दुकानदारों व मेलार्थियों को परेशानी हो सकती है। लोगों के मेले में खरीदारी, मनोरंजन और धार्मिक आयोजन का आनंद लेने आने के बीच चिंता है कि सियासी होड़ इसकी रौनक न छीन ले। पुलिस और प्रशासन की नजर व्यवस्थाओं पर है।
मेले के दुर्गम रास्ते पर ब्लेड लगे तारों से खतरा
संवादसूत्र जागरण, ईसानगर (लखीमपुर)। ठुठवा मेले तक पहुंचने का मार्ग दुर्गम है और आने-जाने के लिए मुख्य रूप से एक ही रास्ता है। राजापुर गांव के पास दो रास्ते मिलते हैं। ईसानगर-सिसैया हाईवे से मेला स्थल तक रास्तों के दोनों ओर गन्ने के खेत हैं। खेतों की बाड़ में लगे ब्लेड वाले तारों से भीड़ के दौरान लोगों के घायल होने की आशंका है। बच्चों, महिलाओं और बाइक सवारों के लिए खतरा अधिक है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में सड़क हादसा: शादी से लौट रही वैन को कार ने मारी टक्कर, तीन की मौत; आठ घायल
बताया गया है कि प्रशासन ने किसानों को रास्ते के किनारे से तार हटाने के लिए सूचित किया है, लेकिन अब तक इन्हें नहीं हटाया गया। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि खेत मालिकों को तार हटाने के लिए कह दिया गया है और रास्ते से सभी तार हटा दिए जाएंगे।