लखनऊ में सड़क हादसा: शादी से लौट रही वैन को कार ने मारी टक्कर, तीन की मौत; आठ घायल
लखनऊ में मलिहाबाद-मोहन रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में शादी से लौट रहे लोगों की वैन को होंडा सिटी कार ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मलिहाबाद में शादी से लौटते समय भीषण सड़क हादसा।
वैन को होंडा सिटी ने मारी टक्कर, तीन की मौत।
हादसे में आठ लोग घायल, कार चालक फरार।
जागरण टीम, लखनऊ। सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। शादी समारोह से लौट रहे लोगों की वैन को सामने से आ रही होंडा सिटी ने ऐसी टक्कर मारी कि तीन लोगों की जान चली गई और आठ लोग घायल हो गए।
हादसा शनिवार देर रात करीब एक बजे मलिहाबाद-मोहान रोड पर पुरवा गांव के पास हुआ। टक्कर के बाद होंडा सिटी का चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस कार चालक की तलाश में दबिश दे रही है।
उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र स्थित कुइयां मदारपुर गांव के लोग रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में शादी समारोह में शामिल होकर मारुति ओमनी वैन से घर लौट रहे थे। वैन में चालक समेत कई लोग सवार थे। इसी दौरान मोहान की तरफ से आ रही होंडा सिटी कार ने पुरवा गांव के पास वैन में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद पहुंचाया। वहां वैन चालक रामजी उर्फ अमित कुमार और आठ वर्षीय प्रिया को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रिया की मां मायादेवी ने ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- हरदोई के बालाजी मंदिर परिसर में हाथी का कहर: महंत के भाई को सूड़ से उठाकर पटका, फिर पैरों से कुचलकर मार डाला
इस तरह हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में सरोज कुमारी, आनंद, आशिक, दयावती, प्राची, छोटू, हर्षचंद और दीपांशी समेत आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का उपचार जारी है।
तेज सफेद लाइट से दिखाई नहीं दिया सामने का रास्ता
वैन में सवार आशिक ने आरोप लगाया कि होंडा सिटी में बेहद तेज सफेद लाइट लगी थी। इसकी रोशनी के कारण सामने का रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। कार तेज रफ्तार में आ रही थी और सीधे वैन से टकरा गई। हालांकि, हादसे की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
कार छोड़कर भागा चालक, मालिक की हुई पहचान: हादसे के बाद होंडा सिटी चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कासगंज निवासी मोहम्मद सुहैल के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।