पराली बनी आय का नया स्रोत, उद्योग कर रहे जैव ईंधन के रूप में उपयोग; खीरी के किसानों की बल्ले-बल्ले
किसानों के लिए पहले मुसीबत रही पराली अब आय का साधन बन रही है, जिसका उपयोग उद्योग जैव ईंधन के रूप में कर रहे हैं।

पिपरिया के पास मशीन से पराली की बनाकर एकत्र की गईं गांठे। जागरण
HighLights
पराली अब किसानों के लिए आय का नया माध्यम बनी।
उद्योग पराली को जैव ईंधन के रूप में उपयोग कर रहे।
पराली प्रबंधन से प्रदूषण कम, किसानों को लाभ।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। कई वर्षों से किसानों और पर्यावरण के लिए मुसीबत का सबब बनने बाली पराली अब आय का जरिया बनती हुई दिख रही। धान की पराली यानी फसल अवशेष जलाए जाने से वायु प्रदूषण की गंभीर समस्या बनने वाली पराली के उचित प्रबंधन से समस्या हल होती दिख रही है।
अन्य जिलों की तरह तराई का खीरी जिला भी इससे अलग नहीं रहा। जिले में धान की फसल के अवशेष के निस्तारण के लिए कोई कारगर उपाय नहीं था। अभी तक इसको खेतों की अधिक जुताई कर मिट्टी में मिलाने या फिर फसल के अवशेष पर सड़ाने वाली रासायनिक दवाओं का स्प्रे किया जाता रहा है।
इस प्रक्रिया अपनाने से धन और समय का ह्रास होता रहा। इसके अलावा किसानों को पराली जलाने पर कानूनी कार्यवाही से लेकर आर्थिक जुर्माना तक भुगतना पड़ा। अब इस पराली का प्रयोग बिजली संयंत्रों से लेकर तमाम ईंधन आधारित उद्योग-धंधों में होना शुरू हो गया है। फसल अवशेषों से तैयार जैव ईंधन कोयले की खपत को भी काम करने में सहायक साबित हो रहा है।
गन्ने की पत्ती जलने पर भी प्रतिबंध
जानकारी के मुताबिक, गन्ने की पत्ती जलने पर भी प्रतिबंध था। अलबत्ता उचित प्रबंधन से पताई की गांठे बना कर इनका प्रयोग ईंधन के रूप में होने लगा। इसी प्रकार रेहरिया पिपरिया इलाके में धान बहुल इलाके में भी मशीनों के जरिए परली संग्रह करना, सुखाना, गांठ बांधकर तैयार करना शुरू किया जा चुका है।
मशीन से बांधकर तैयार की गई गांठे क्षेत्र में स्टॉक के तौर लगी देखी जा सकती हैं। आधुनिक पराली प्रबंधन से कभी मुसीबत बनने वाली पराली पर पैसा खर्च करने वाले किसानों को अब पराली संग्रह करने पर आंशिक आय भी हो सकेगी। ऐसे में पराली प्रबंधन किसानों के लिए आशा की किरण बनकर उभरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।