हरियाणा के किसानों को पराली करेगी मालामाल, धान के अवशेषों से बनेगी जैविक खाद और बायो CNG
धान की पराली अब किसानों के लिए आय का नया स्रोत बन रही है, जिसे बादली स्थित रिलायंस बायो एनर्जी प्लांट में जैविक खाद, बायो सीएनजी और ईंधन में बदला जा रहा है। यह पहल किसानों को आमदनी बढ़ाने में मदद कर रही है।

किसानों के लिए पराली अब कमाई का जरिया बन रही। (एआई जनरेटेड इमेज)
HighLights
पराली से जैविक खाद, बायो सीएनजी और ईंधन बन रहा।
रिलायंस प्लांट बादली में किसानों को तकनीक सिखाई जा रही।
पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाई जा रही।
संवाद सूत्र, बादली (झज्जर)। जिस धान की पराली के हिस्से को कुछ किसान अक्सर फसल कटाई के बाद परेशानी समझते हैं और उसके निस्तारण के लिए जूझते हैं, वही पराली अब कमाई का जरिया बन रही है।
बादली में स्थापित रिलायंस बायो एनर्जी एवं आर्गेनिक फर्टिलाइजर प्लांट में धान की पराली से जैविक खाद, बायो सीएनजी गैस और ईंधन के रूप में इस्तेमाल होने वाली गट्टियां तैयार की जा रही हैं।
इस तकनीक को करीब से समझने के लिए मुनीमपुर स्थित पुष्प उत्पादन एवं उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे किसानों के एक दल ने बादली प्लांट का दौरा किया।
प्लांट में किसानों को बताया गया कि धान की पराली का इस्तेमाल केवल निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कई उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। पराली के प्रसंस्करण से जैविक खाद बनाई जा रही है।
इसके अलावा बायो सीएनजी गैस तैयार की जा रही है, जिसका ऊर्जा के रूप में उपयोग किया जा सकता है। वहीं, भट्ठों और पावर प्लांटों में ईंधन के तौर पर जलाने के लिए पराली की गट्टियां भी तैयार की जा रही हैं।
किसानों ने समझी खाद और गैस बनाने की प्रक्रिया
मुनीमपुर के प्रशिक्षण केंद्र से पहुंचे किसानों को प्लांट में पराली के उपयोग, जैविक खाद तैयार करने और बायो सीएनजी उत्पादन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
किसानों को बताया गया कि फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करके उन्हें उपयोगी संसाधन में बदला जा सकता है। इससे पराली जलाने की समस्या को कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है।
रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने की पहल
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को फसलों में जैविक खाद के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि खेती में जैविक खाद के समुचित उपयोग से मिट्टी की सेहत सुधारने की दिशा में प्रयास किए जा सकते हैं। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और फसल अवशेषों के बेहतर प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
आधुनिक तकनीक की ओर बढ़ने का प्रशिक्षण
किसानों को परंपरागत खेती के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उद्देश्य है कि किसान उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करें, खेती की लागत और नुकसान को कम करने के उपाय समझें तथा अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में काम करें।
इधर, पुष्प उत्पादन एवं उत्कृष्टता केंद्र मुनीमपुर के प्रोजेक्ट आफिसर डाॅ. सुरेश चंद ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए इस प्रकार की गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं।
किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ-साथ पराली का उपयोग सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को नई तकनीकों की जानकारी देकर खेती को अधिक उपयोगी और लाभकारी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।