विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली यूनिवर्सिटी से लौटे लखीमपुर के युवा का कमाल, आधुनिक तकनीक से जमीन के हर इंच पर उगाई फसल

Published: Fri, 13 Nov 2026 03:56 PM (IST)

सीतापुर के एक युवा ने मल्टी लेयर क्रॉपिंग तकनीक अपनाकर खेती में नया प्रयोग किया है। इस विधि से कम ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड तस्वीर।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. सीतापुर के युवा ने मल्टी लेयर क्रॉपिंग तकनीक अपनाई।

  2. एक ही खेत में पांच स्तरों पर फसलें उगाई जाती हैं।

  3. कम जमीन से अधिक उत्पादन और साल भर कमाई संभव।

राकेश मिश्र, लखीमपुर। खेत की जमीन को अब सिर्फ लंबाई और चौड़ाई से नहीं, बल्कि उसकी गहराई और आसमान की ऊंचाई तक इस्तेमाल कर कमाई का जरिया बनाया जा सकता है। खेती की परंपरागत सोच से आगे बढ़कर सीतापुर के गोंडवा गांव में एक युवा ने मल्टी लेयर क्रॉपिंग के जरिये कृषि की नई इबारत लिखने की पहल की है। इस तकनीक में एक ही खेत में अलग-अलग ऊंचाई और गहराई पर पांच स्तरों में फसलें उगाकर पूरे साल आमदनी का रास्ता तैयार किया जा रहा है।

दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से स्नातक युवा ने गोंडवा गांव में इस नवाचार की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य कम जमीन में अधिक उत्पादन के साथ किसानों को नियमित आमदनी देना और रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों पर निर्भरता घटाना है।

एक खेत, कई फसलें और आमदनी के अनेक रास्ते

मल्टी लेयर क्रापिंग में खेत को समतल रखने के बजाय चार फीट चौड़ी और एक फीट ऊंची उठी हुई क्यारियों में तैयार किया जाता है। इससे अतिरिक्त वर्षा का पानी नालियों से निकल जाता है और फसलों को जलभराव से बचाने में मदद मिलती है। क्यारियों में हल्दी और अदरक जैसी भूमिगत फसलें लगाई जाती हैं। इनके तैयार होने तक पालक, धनिया जैसी पत्तेदार सब्जियां उगाकर अतिरिक्त कमाई की जा सकती है। इसी के साथ कतारों में पपीते के पौधे लगाए जाते हैं, जिनसे सात-आठ महीने में उत्पादन मिलने लगता है।

जमीन से करीब छह फीट ऊपर जाल बनाकर लौकी, तोरई और करेला जैसी बेल वाली सब्जियां उगाई जाती हैं। पांचवें स्तर पर कृषि वानिकी के पौधे भी लगाए जा सकते हैं।

कीट नियंत्रण से लेकर प्राकृतिक सुरक्षा तक

इस पद्धति में गेंदा जैसे फूलों के पौधे भी लगाए जाते हैं। गेंदा कीटों को अपनी ओर आकर्षित करने वाली ट्रैप क्राप के रूप में काम करता है और इसकी जड़ें सूत्रकृमि नियंत्रण में भी सहायक होती हैं। अलग-अलग प्रकृति की फसलें होने से कीटों और बीमारियों का प्रकोप कम करने में मदद मिलती है।

जमीन के बेहतर इस्तेमाल से बढ़ती है कमाई

इस खेती की सबसे बड़ी खासियत आय का बंटवारा है। पत्तेदार सब्जियों से साप्ताहिक, बेल वाली फसलों से मासिक, पपीता और हल्दी से मौसमी या वार्षिक तथा कृषि वानिकी से पांच-सात साल में आमदनी मिल सकती है। प्राकृतिक आपदा में एक फसल नष्ट होने पर दूसरी फसल सहारा बनती है। पशुपालन को जोड़कर गोबर की खाद और वर्मी कंपोस्ट तैयार की जा सकती है। इससे खेती की लागत घटाने, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन का रास्ता खुलेगा।

उप निदेशक कृषि गिरीश चंद्र का कहना है कि यह नवाचार किसानों को संदेश दे रहा है कि खेती में कमाई बढ़ाने के लिए हमेशा जमीन बढ़ाना जरूरी नहीं, उपलब्ध जमीन का बेहतर इस्तेमाल करना भी बड़ी क्रांति साबित हो सकता है।

यह भी पढ़ें- बुलंदशहर के संजीव शर्मा ने 20 हजार किसानों की बदली तकदीर, प्राकृतिक खेती और सस्ते कृषि यंत्रों का लिया सहारा


 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।