बुलंदशहर के संजीव शर्मा ने 20 हजार किसानों की बदली तकदीर, प्राकृतिक खेती और सस्ते कृषि यंत्रों का लिया सहारा
बुलंदशहर के संजीव शर्मा ने महंगे कृषि यंत्रों और रासायनिक खेती की चुनौतियों का समाधान निकाला है।

संजीव शर्मा ने कम लागत वाले कृषि उपकरण विकसित किए हैं और 20,000 से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया है।
HighLights
संजीव शर्मा ने कम लागत वाले कृषि यंत्र विकसित किए।
20,000 से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती सिखाई।
प्राकृतिक खेती से सालाना पांच लाख से अधिक आय।
भूपेंद्र शर्मा, जागरण, बुलंदशहर। खेती की बढ़ती लागत, महंगे कृषि यंत्र और रासायनिक खाद व कीटनाशकों पर निर्भरता किसानों के सामने बड़ी चुनौती है। छोटे और सीमांत किसानों के लिए आधुनिक मशीनें खरीदना मुश्किल है। ऐसे में बुलंदशहर के गांव निर्सुखा निवासी संजीव शर्मा ने खेती की इन मुश्किलों का अपने तरीके से समाधान तलाशा है।
उन्होंने कम लागत में छोटे, हल्के और उपयोगी कृषि यंत्र तैयार किए हैं, जिनसे सीमित संसाधनों वाले किसान भी बुआई से लेकर निराई-गुड़ाई तक के काम आसानी से कर सकते हैं। साथ ही प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण देकर अब तक 20 हजार से अधिक किसानों और युवाओं को इस पद्धति से जोड़ चुके हैं। उनका प्रयास खेती को सस्ता और टिकाऊ बनाने के साथ मिट्टी की सेहत, पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने की दिशा में भी है।
संजीव आइआइटी दिल्ली में आयोजित कृषि कुंभ और उन्नत कृषि से जुड़े सेमिनारों में भी अपने अनुभव साझा कर चुके हैं। वर्ष 2021 में किसान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सम्मानित किया था।
56 वर्षीय संजीव बताते हैं कि वर्ष 2012 से वह अपनी पांच एकड़ जमीन पर प्राकृतिक खेती कर रहे हैं।इसके लिए उन्होंने प्राकृतिक खेती के जनक सुभाष पालेकर से कुरुक्षेत्र में छह माह का प्रशिक्षण लिया था। गांव लौटने के बाद रासायनिक उर्वरकों की जगह जीवामृत और गोबर-गोमूत्र से तैयार खाद का इस्तेमाल शुरू किया।
उनका मानना है कि रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता घटाकर प्राकृतिक तरीके अपनाने से मिट्टी की उर्वरता और उसमें मौजूद सूक्ष्म जीवों का संरक्षण किया जा सकता है। इससे खेती की लागत घटाने के साथ पर्यावरण और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा में भी मदद मिलती है।
छोटे खेतों के लिए छोटे यंत्र
संजीव ने वेल्डर ट्रेड में आइटीआइ की है। वर्ष 2009 में गांव में फैब्रिकेशन का काम शुरू किया था, लेकिन पांच लाख रुपये का घाटा होने के बाद खेती की ओर रुख किया। खेती के दौरान महंगे उपकरणों की जरूरत और छोटे किसानों की आर्थिक सीमाओं को महसूस किया। इसके बाद अपने तकनीकी अनुभव का इस्तेमाल कर खुद ही कृषि यंत्र बनाने शुरू किए। इनमें धान की रोपाई के लिए मार्कर, मोटे और बारीक बीजों की बुआई की मशीन, पौधा रोपने के लिए पौधा गन और निराई-गुड़ाई की मशीन शामिल हैं। इसके अलावा गुड़ बनाने के सांचे और कढ़ाव भी तैयार किए हैं। हल्दी और सहजन की पत्तियां सुखाने के लिए स्वनिर्मित ड्रायर भी बनाया है। इन यंत्रों की कीमत ढाई हजार से 15 हजार रुपये तक है। प्रशिक्षण के लिए आने वाले किसान इन्हें खरीदकर अपने साथ ले जाते हैं। इससे उन्हें बड़े और महंगे उपकरणों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। छोटे खेतों में इनका इस्तेमाल भी आसान है। वह कहते हैं कि देश में करीब 85 प्रतिशत किसान छोटे व सीमांत वर्ग के हैं।
चौपाल से देशभर तक पहुंचा अभियान
प्राकृतिक खेती के लाभ और छोटे किसानों की जरूरतों को देखते हुए संजीव ने वर्ष 2017 में गांव में चौपाल फाउंडेशन की स्थापना की। शुरुआत में फेसबुक और वाट्सएप के माध्यम से किसानों को जानकारी दी गई। धीरे-धीरे उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से किसान प्रशिक्षण के लिए पहुंचने लगे। उनके यूट्यूब वीडियो देखकर सीए और बीटेक की पढ़ाई कर चुके युवा भी प्राकृतिक खेती सीखने आ रहे हैं।
सहफसली खेती से बढ़ाई आमदनी
संजीव अपने खेत में सहफसली खेती करते हैं। गन्ने के साथ हल्दी, बैंगन और मिर्च उगाते हैं, जबकि गेहूं के साथ चना और मूंग की खेती करते हैं। गन्ने से खुद गुड़ तैयार करते हैं, जिसकी मांग के लिए लोग आनलाइन बुकिंग करते हैं या सीधे उनके घर पहुंचते हैं। संजीव के अनुसार प्राकृतिक खेती से उनकी सालाना आमदनी पांच लाख रुपये से अधिक है। वह गेहूं की बंशी, सोना मोती और पैगंबरी जैसी किस्मों के साथ धान की लालमणि, काला नमक, रामभोग और तिलक चंदन जैसे देशी बीज भी संरक्षित कर रहे हैं। मिलेट्स में रागी, सांवा और पीली व लाल कंगनी के बीज भी उनके पास उपलब्ध हैं।
संजीव के बनाए उपकरण और उनकी कीमत रुपये में
उपकरण कीमत बाजार में कीमत
ड्रायर 15,000 50,000
निराई गुड़ाई मशीन 2,000 4,000
बीज बुआई मशीन 6,500 10,000
बीज गन 2,000 उपलब्ध नहीं
पौधा गन 3,000 उपलब्ध नहीं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।