लखीमपुर में हाईवे पर अपराध और सड़क हादसों पर लगेगा ब्रेक, एनएच-30 की हर गतिविधि पर रहेगी कैमरों की नजर
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) लखीमपुर के NH-30 पर सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए हर किलोमीटर पर कैमरे लगा रहा है। टोल प्लाजा को कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
-1795157184918_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
एनएच-30 पर हर किलोमीटर पर कैमरे लगेंगे।
टोल प्लाजा को हाईवे का कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों पर अंकुश लगेगा।
आशीष शुक्ला, जंगबहादुरगंज (लखीमपुर)। नेशनल हाईवे संख्या-30 पर अब तीसरी आंख से निगरानी होगी। हाईवे पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं, क्राइम और अन्य घटनाओं को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कमर कस ली है। हाईवे पर कैमरे लगाने का काम तेजी से शुरू हो गया है। टोल प्लाजा को हाइवे का कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। हर किलोमीटर पर कैमरा लगने से हाईवे पर क्राइम और हादसों पर ब्रेक लगने की संभावना भी बढ़ जाएगी।
जल्द ही एनएच 30 कैमरे की जद में होगा। कैमरा लगने से हादसे बाजों की पहचान भी आसान हो जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने डिवाइडर के बीच पोल लगाने के साथ ही कैमरों के लिए वायरिंग की व्यवस्था शुरू हो चुकी है। कुछ स्थानों पर कैमरा संचालित भी है, जल्द ही हाईवे पर कैमरे लग जाएंगे।
कैमरा लगने से सड़क दुर्घटनाओं के साथ ही हाईवे पर होने वाले क्राइम पर भी कंट्रोल संभव होगा और अपराधियों पर ब्रेक लगेगा। हाईवे पर आए दिन होने वाले हादसों के बाद भी जिम्मेदार वाहन चालकों की पहचान नहीं हो पाती थी। कई बार हादसा करके चालक फरार हो जाते थे। वहीं लूट, चोरी जैसी घटनाओं में भी पुलिस को सुराग नहीं मिल पाता था। कैमरे लगने से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
हाईवे पर कैमरे लगने से ओवर स्पीड, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग जैसे मामलों पर भी नजर रखी जा सकेगी। इससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना आसान होगा। स्थानीय लोगों ने एनएचएआई के इस कदम की सराहना की है। लोगों का कहना है कि कैमरे लगने से हाईवे पर सफर सुरक्षित होगा और हादसों में कमी आएगी।
साथ ही क्राइम पर भी नियंत्रण होगा। एनएचआईटी मैगलगंज टोल प्लाजा मैनेजर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि हर किलोमीटर के बाद कैमरा लगाए जा रहे हैं, जिससे हाईवे की निगरानी, सुरक्षा, यातायात आदि की जानकारी संभव हो सकेगी। टोल प्लाजा पर इन कैमरों का कंट्रोल रूम बनेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।