लखीमपुर में फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
लखीमपुर के बरवर में पांच माह पूर्व ब्याही 21 वर्षीय नवविवाहिता प्रियंका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
संवादसूत्र, बरवर (लखीमपुर)। मुहल्ला रोशन नगर में पांच माह पूर्व ब्याही गई 21 वर्षीय नवविवाहिता प्रियंका का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतका का मायका सीतापुर जनपद के महोली थाना क्षेत्र के गांव फत्तेपुर में है, जहां के निवासी शिवकरन की पुत्री प्रियंका की शादी पांच महीने पहले बरवर के मोहल्ला रोशन नगर निवासी योगेश के साथ हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या करके शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया। वहीं, पति योगेश का कहना है कि घटना के समय वह खेत पर गेहूं की बुवाई करने गया हुआ था।
सूचना पाकर चौकी इंचार्ज नरेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार और नगर चेयरमैन संजय शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। चौकी इंचार्ज नरेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, मायके पक्ष ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।