विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा के 300 गांवों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा की संजीवनी, तीन लाख मरीजों के मुफ्त इलाज का रखा गया लक्ष्य

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:17 AM (IST)

भारत-नेपाल सीमा से सटे दुर्गम गांवों में अब मरीजों को इलाज के लिए शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के सातवें संस्करण में 3 लाख जरूरतमंदों तक मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी, जिसमें 1500 विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल होंगे।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

संवादसूत्र, लखीमपुर। भारत-नेपाल सीमा से सटे दुर्गम और थारू बहुल गांवों में अब इलाज के लिए मरीजों को शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम खुद उनके गांव तक पहुंचेगी और निश्शुल्क जांच, परामर्श के साथ दवाएं भी उपलब्ध कराएगी। श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के सातवें संस्करण में करीब तीन लाख जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

21 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय अभियान में देशभर के करीब 1500 विशेषज्ञ चिकित्सक और 150 प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान सहभागी बनेंगे।
श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास और नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के अवध, गोरक्ष सहित सहयोगी प्रांतों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा के तहत उत्तर प्रदेश के आठ जिलों पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, महराजगंज और सोनभद्र के करीब 300 गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। नेपाल सीमा के आसपास 52 स्थानों पर लगने वाले शिविरों से प्रत्येक स्थान के चार से पांच गांवों के ग्रामीण लाभान्वित हो सकेंगे।

लखीमपुर में बनेगा मेगा स्वास्थ्य केंद्र

यात्रा का प्रमुख पड़ाव 24 नवंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कालेज में आयोजित होने वाला मेगा स्वास्थ्य शिविर होगा। यहां मरीजों के पंजीकरण के लिए आठ काउंटर बनाए जाएंगे। गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को चिह्नित कर संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास भेजा जाएगा। शिविर में मधुमेह, रक्तचाप और मूत्र की जांच की सुविधा मिलेगी। साथ ही अलग काउंटर पर आयुष्मान भारत योजना के कॉर्ड बनाए जाएंगे। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड बनाकर तत्काल उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।

थारू जनजाति की सेहत पर भी विशेष ध्यान

अभियान में थारू जनजाति के लोगों में आनुवंशिक रक्त संबंधी बीमारियों की जांच और उपचार की व्यवस्था भी की जाएगी। स्वास्थ्य शिविरों में पोषण, माहवारी स्वच्छता और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। वर्ष 2019 से निरंतर चल रही इस यात्रा का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा पहुंचाना है। आयोजकों ने प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों से अभियान में सहयोग की अपील की है।

यह भी पढ़ें- प्रेम प्रसंग में पति बन रहा था रोड़ा, लखीमपुर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट; गिरफ्तार



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।