विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीमपुर में 16 नवंबर से मैलानी-नानपारा के बीच दौड़ेंगी यात्री ट्रेनें, इंजन का हुआ सफल ट्रायल

Published: Fri, 13 Nov 2026 06:31 PM (IST)

लखीमपुर में मैलानी-नानपारा रेलखंड पर ढाई महीने बाद 16 नवंबर से ट्रेनों का संचालन फिर शुरू होगा। बाढ़ से क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत के बाद सफल इंजन ट्रायल हुआ।

16 नवंबर से मैलानी-नानपारा के बीच दौड़ेंगी यात्री ट्रेनें।

16 नवंबर से मैलानी-नानपारा के बीच दौड़ेंगी यात्री ट्रेनें।

HighLights

  1. मैलानी-नानपारा रेलखंड पर 16 नवंबर से ट्रेनें चलेंगी।

  2. बाढ़ से क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत पूरी हुई।

  3. ढाई महीने बाद यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।

संवाद सूत्र, पलियाकलां (लखीमपुर)। करीब ढाई महीने से बंद मैलानी-नानपारा रेलखंड पर बंद ट्रेनों का संचालन 16 नवंबर से एक बार फिर से शुरू हो जाएगा। बाढ़ के दौरान अतरिया क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक के नीचे पानी का रिसाव होने से रेल लाइन की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया था।

एहतियात के तौर पर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने इस रूट पर चलने वाली यात्री ट्रेनों का संचालन निरस्त कर दिया था। मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य पूरे होने के बाद अब रेलवे ने इंजन का ट्रायल करने के बाद ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है।

मैलानी से नानपारा के बीच रेल संचालन बंद होने से पलिया, भीरा, दुधवा, बेलरायां, तिकुनिया और मिहींपुरवा समेत रास्ते के तमाम स्टेशनों के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।

लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा था। इससे न केवल अतिरिक्त किराया खर्च करना पड़ रहा था, बल्कि समय भी अधिक लग रहा था। अब ट्रेनें चलने से यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे स्टेशन पर 16 नवंबर से ट्रेनों के संचालन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्टेशन अधीक्षक आरबी वर्मा के अनुसार रेल लाइन की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था पूरी होने के बाद रेलवे प्रशासन ने 16 नवंबर से यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुपालन में भीरा स्टेशन पर जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

स्टेशन पर स्टाफ भी भेजे जाने की जानकारी रेलवे प्रशासन की ओर से दी गई है। ट्रेनों का संचालन शुरू होने से लंबे समय से सूने पड़े भीरा रेलवे स्टेशन पर फिर रौनक लौटेगी। इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन शुरू होने का सबसे अधिक लाभ वन बीट अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों को मिलेगा।

यह भी पढ़ें- छठ पर घर वापसी की भीड़, चादर का झूला बनाकर बैठने को मजबूर यात्री

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।