छठ पर घर वापसी की भीड़, चादर का झूला बनाकर बैठने को मजबूर यात्री
डाला छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ से ट्रेनें खचाखच भरी हैं, जिससे यात्रियों को चादर का ...और पढ़ें

छठ पर घर वापसी: ट्रेनों में भारी भीड़, यात्री चादर के झूले और दरवाजों पर लटककर कर रहे सफर।
HighLights
डाला छठ पर ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़।
यात्री चादर का झूला बनाकर या दरवाजे पर लटककर सफर।
विशेष ट्रेनों के बावजूद रेलवे के लिए भीड़ नियंत्रण चुनौती।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किए जाने के बावजूद दिल्ली, मुंबई, गुजरात और अहमदाबाद से उत्तर प्रदेश और बिहार आने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव कम नहीं हो रहा है।
जनरल कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही। कहीं यात्री दरवाजे पर खड़े होकर सफर कर रहे हैं तो कहीं चादर का झूला बनाकर बैठने का इंतजाम कर रहे हैं। भीड़ नियंत्रित करने में आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर शुक्रवार को पहुंची नई दिल्ली-सिलचर पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोचों में भीड़ का ऐसा ही नजारा देखने को मिला। कोच के भीतर यात्रियों की ठसाठस भीड़ थी। गलियारे से लेकर दरवाजे तक यात्रियों का जमावड़ा रहा। बैठने की जगह नहीं मिलने पर कुछ यात्रियों ने चादर का झूला बना लिया और उसी में बैठकर सफर करते नजर आए।
वहीं, दरवाजे पर लटककर यात्रा करने वाले कुछ यात्रियों ने हैंडल में गमछा बांधकर उसे अपने शरीर से लपेट रखा था, ताकि ट्रेन के झटकों या भीड़ के दबाव में संतुलन न बिगड़े। यात्रियों ने बताया कि कोच में अत्यधिक भीड़ होने के कारण अंदर जगह मिलना मुश्किल है।
छठ पर परिवार के साथ पर्व मनाने की चाह में किसी तरह घर पहुंचना चाहते हैं। ऐसे में दरवाजे के पास खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है। गमछा बांधना भी इसी मजबूरी में सुरक्षा का एक जुगाड़ है। हालांकि, इस तरह सफर करना जोखिम भरा हो सकता है।
स्पेशल ट्रेनों के बाद भी दबाव बरकरार
छठ पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट काउंटर और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद नियमित और विशेष ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बना हुआ है। प्लेटफार्मों पर भीड़ नियंत्रित करने, यात्रियों को कतारबद्ध कराने और सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने के लिए आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग के कर्मचारी लगातार सक्रिय हैं। रेलवे के सामने पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।