लखीमपुर में आर्थिक तंगी को बनाया ताकत, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं दीये बनाकर बढ़ा रहीं परिवार की आमदनी
लखीमपुर में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं दीपावली के लिए मिट्टी के दीये और मूर्तियां बनाकर परिवार की आर्थिक स्थिति ...और पढ़ें
-1793944660771_m.webp)
HighLights
स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बना रहीं मिट्टी के दीये।
दीपावली पर दीयों से बढ़ा रहीं परिवार की आमदनी।
पारंपरिक हुनर को आजीविका का साधन बना रहीं महिलाएं।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। दीपावली पर घर-आंगन को रोशन करने के लिए बाजार में दीयों की मांग बढ़ी है। इस रोशनी के पीछे कुछ ऐसी महिलाओं की मेहनत भी है, जिनके लिए मिट्टी के दीये बनाना सिर्फ परंपरागत हुनर नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का जरिया बन गया है।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की ये महिलाएं अपने हाथों से मिट्टी के दीये, बर्तन और देवी-देवताओं की मूर्तियां तैयार कर बाजार में बेच रही हैं। उनकी कोशिश है कि त्योहार की खुशियों के साथ घर की आमदनी में भी इजाफा हो।
धौरहरा विकास खंड में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं इस काम में जुटी हैं। देवी प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की लक्ष्मी देवी, रेखा देवी, सावित्री उर्फ रामा, सुभासनी, बिटियन, गीता देवी, संनीता देवी, देवकला और अन्य महिलाएं मिट्टी के बर्तन बनाने के पारंपरिक काम को आगे बढ़ा रही हैं। वहीं सीता प्रेरणा समूह से जुड़ी फूलमती भी इस हुनर के जरिये अपनी आजीविका मजबूत करने में लगी हैं।
इन महिलाओं के सामने आर्थिक चुनौतियां कम नहीं हैं। सीमित संसाधनों और घरेलू जिम्मेदारियों के बीच वे मेहनत से मिट्टी को आकार देकर दीये और अन्य सजावटी वस्तुएं तैयार करती हैं। दीपावली के मद्देनजर उनकी उम्मीदें भी बढ़ी हैं। त्योहार पर दीयों और मिट्टी की मूर्तियों की बिक्री से उन्हें अतिरिक्त आमदनी की आस है।
आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा का प्रयास
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। धौरहरा की महिलाएं मिट्टी के दीये और अन्य उत्पाद तैयार कर अपनी पारंपरिक कला को आजीविका का साधन बना रही हैं।
दीपावली पर इनके उत्पादों की बिक्री से महिलाओं को अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिल रहा है। हमारा प्रयास है कि समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए, जिससे महिलाओं की आय बढ़े और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।- जीतेन्द्र कुमार मिश्र, उपायुक्त एनआरएलएम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।