विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांवों में ही संवरेगा भविष्य, लखीमपुर में पंचायतों में तैयार हुई डिजिटल लाइब्रेरी

Published: Sat, 14 Nov 2026 08:06 AM (IST)

लखीमपुर की ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं ताकि ग्रामीण छात्र शहरों पर निर्भर न रहें। ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. लखीमपुर की 223 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित।

  2. ग्रामीण छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद।

  3. एक हजार से अधिक छात्रों ने सुविधा के लिए पंजीकरण कराया।

संवादसूत्र, लखीमपुर। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को पढ़ाई के लिए शहरों पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। पहले चरण में जिले की 223 ग्राम पंचायतों में यह सुविधा शुरू करने की तैयारी है। लाइब्रेरी में पुस्तकों के साथ कंप्यूटर और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब तक 106 ग्राम पंचायतों को कंप्यूटर मिल चुके हैं।

पंचायत भवनों में तैयार की जा रही इन लाइब्रेरी में फर्नीचर सहित जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जा चुकी हैं। कंप्यूटर मिलने के बाद उन्हें स्थापित करने और उपयोग के लिए तैयार करने का काम चल रहा है। शुक्रवार तक 50 कंप्यूटरों में साफ्टवेयर इंस्टालेशन का काम पूरा हो चुका था। शेष कंप्यूटरों में भी इंस्टालेशन की प्रक्रिया जारी है। डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि जिले की 223 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी तैयार हैं।

इनमें बैठकर विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के साथ ही अन्य शैक्षिक गतिविधियां भी कर सकेंगे। लाइब्रेरी में निर्धारित पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। कंप्यूटर के माध्यम से भी पढ़ाई और अध्ययन सामग्री तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी में अध्ययन के लिए अब तक एक हजार से अधिक युवक-युवतियों और छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है।

अन्य इच्छुक विद्यार्थी भी पंजीकरण कराकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। विभाग का उद्देश्य गांवों में ही विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूर न जाना पड़े।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर में 16 नवंबर से मैलानी-नानपारा के बीच दौड़ेंगी यात्री ट्रेनें, इंजन का हुआ सफल ट्रायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।