विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ कूच से पहले आंगनबाड़ी नेताओं को किया नजरबंद, आंदोलन रोकने के लिए पुलिस की सख्ती

Published: Sat, 07 Mar 2026 06:22 PM (IST)

लखनऊ में 8 मार्च को प्रस्तावित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन से पहले लखीमपुर पुलिस सक्रिय हो गई है। कई आंगनबाड़ी नेताओं को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ को घरों में नजरबंद कर दिया गया।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, लखीमपुर। विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 8 मार्च को लखनऊ के इको गार्डन में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले ही प्रशासन सक्रिय हो गया है। आंदोलन को रोकने के लिए पुलिस ने आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा से जुड़े कई पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया।

जबकि कई महिला नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया गया। घरों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि वे बाहर निकलकर लखनऊ कूच न कर सकें।जिले भर में ही छह हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्य कर रहे हैं।

राखी पांडे को किया नजरबंद

आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिला अध्यक्ष राखी पांडे को भी उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया है। उनके घर के बाहर सुबह से ही पुलिसकर्मी तैनात रहे। संगठन के अन्य पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की भी निगरानी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से आंगनबाड़ी कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।

आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा का कहना है कि वे वर्षों से लंबित अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठा रही हैं, लेकिन सरकार समाधान करने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। कर्मचारियों का आरोप है कि पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल सहित दर्जनों सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कराने के बावजूद उन्हें अब तक पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया गया है।

यह भी पढ़ें- बहराइच में 1.10 लाख नोटिस की सुनवाई लंबित, SIR के लिए सिर्फ 20 दिन शेष, नो मैपिंग में शामिल थे 5.41 लाख वोटर

संघ की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा, वेतनमान, भविष्य निधि, पेंशन, ग्रेच्युटी, महंगाई भत्ता और सवेतन मेडिकल अवकाश की सुविधा शामिल है। इसके अलावा सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, कोरोना काल के बाद से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन-ग्रेच्युटी देने, पदोन्नति की स्पष्ट व्यवस्था लागू करने तथा पोषण ट्रैकर के लिए मोबाइल व डाटा भत्ता देने की भी मांग उठाई गई है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 8 मार्च को लखनऊ कूच करेंगी। संगठन का कहना है कि प्रशासनिक दबाव और नजरबंदी से आंदोलन को रोका नहीं जा सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।